हिंदी
घायल का अस्पताल में इलाज जारी
Sitapur: लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार टाटा मैजिक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद टाटा मैजिक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। एक ही गांव के दो लोगों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुलताजापुर निवासी विनोद कुमार (52), हेरराम (32) और छोटकक्कन (40) गुरुवार को ग्राम मिर्दनिया में अपनी रिश्तेदारी में गए थे। देर रात करीब 12 बजे तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान लहरपुर-भदफर मार्ग पर ग्राम किशुनपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हेरराम और छोटकक्कन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के बाद टाटा मैजिक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि फरार टाटा मैजिक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में एक ही गांव के दो लोगों की मौत से गांव और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Location : Sitapur
Published : 13 November 2026, 3:05 PM IST