ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर समाजवादी पार्टी का पोस्टर वॉर, कहा- मायावती की तरह होगा दोनों का हाल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले रायबरेली में सियासी पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन के विरोध में सपा की लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष राहुल निर्मल ने शहर में चार होर्डिंग लगवाई हैं। उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर दलित-मुस्लिम वोटों को बांटने का आरोप लगाते हुए 2027 में PDA सरकार बनने का दावा किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 November 2026, 2:30 PM IST
google-preferred

Raebareli News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण बनने और बिगड़ने लगे हैं। AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन के बाद अब इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। रायबरेली में समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष राहुल निर्मल ने दोनों दलों के गठबंधन के विरोध में शहर के चार प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगवाई हैं। इन होर्डिंग में AIMIM और आजाद पार्टी पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगाया गया है। सपा नेता का कहना है कि दलित और मुस्लिम वोटों को बांटने की कोशिश को इस बार PDA सफल नहीं होने देगा।

रायबरेली के चार प्रमुख स्थानों पर लगाई गई होर्डिंग

दरअसल, रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सपा की लोहिया वाहिनी की ओर से ये होर्डिंग लगाई गई हैं। शहर में कुल चार स्थानों पर होर्डिंग लगाई गई हैं। इनमें पहली होर्डिंग बरगद चौराहे पर, दूसरी गोरा बाजार स्थित पॉलिटेक्निक विद्यालय के बगल में लगाई गई है। वहीं, तीसरी होर्डिंग सिविल लाइंस और चौथी मामा चौराहे के पास लगाई गई है। इन होर्डिंग के जरिए AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन का विरोध किया गया है। होर्डिंग में दोनों पार्टियों पर बीजेपी के लिए काम करने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद रायबरेली में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के लिए प्रेस वार्ता की (IMG Credit: X)

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के लिए प्रेस वार्ता की (IMG Credit: X)

चंद्रशेखर और ओवैसी पर राहुल निर्मल का निशाना

इस मामले पर लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष राहुल निर्मल बागी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी मिलकर मुस्लिम और दलित वोटों को बांटने का काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि दोनों नेताओं की कोशिश उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनाने में मदद करने की है। राहुल निर्मल ने कहा कि इस बार PDA ऐसा नहीं होने देगा। उनके मुताबिक, दलित और मुस्लिम समाज अब राजनीतिक रूप से जागरूक हो चुका है और किसी के बहकावे में आकर वोट नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अब दलित समाज शराब, अनाज या पैसे के लालच में अपना वोट नहीं देगा।

सरकार पर दलितों और महिलाओं के शोषण का आरोप

राहुल निर्मल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए दलितों के शोषण, महिलाओं के उत्पीड़न और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और बेरोजगारों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब कोई व्यक्ति अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाता है तो उसे पुलिसिया कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। राहुल निर्मल ने कहा कि प्रदेश में दलितों और मुस्लिमों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत है।

2027 में PDA सरकार बनने का किया दावा

सपा नेता ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में PDA पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगा और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश में सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी। राहुल निर्मल ने पिछली सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान एक्सप्रेसवे निर्माण से लेकर विकास के कई काम किए गए थे और रोजगार को बढ़ावा दिया गया था। फिलहाल रायबरेली में गठबंधन के विरोध में लगाई गई होर्डिंग के बाद यूपी की सियासत में दलित और मुस्लिम वोटों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

Location :  Raebareli

Published :  13 November 2026, 2:30 PM IST

Related News

Advertisement