UP Assembly Election 2027: यूपी चुनाव में तीसरे मोर्चे की एंट्री, ओवैसी-चंद्रशेखर ने मिलाये हाथ; बने नए समीकरण

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नए राजनीतिक गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का ऐलान किया है। लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों नेताओं ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। गठबंधन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है और बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने का लक्ष्य रखा है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 November 2026, 7:41 PM IST
google-preferred

Lucknow: लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मिलकर नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने अपने गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है। लखनऊ के एक निजी होटल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने इसकी घोषणा की।

चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित

दोनों नेताओं ने साफ किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया। दोनों नेताओं ने कहा कि गठबंधन का मकसद उत्तर प्रदेश में सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन लाना है।

 

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला और मजबूत मोर्चा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए गठबंधन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। ओवैसी के मुताबिक, सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और सभी 403 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा।

12वीं तक मुफ्त शिक्षा का वादा

ओवैसी ने कहा कि लंबे समय से राजनीतिक दलों ने बहुजन और वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने का वादा किया है, लेकिन आज भी इन वर्गों को बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में भर्तियों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि ऐसी कोई भर्ती नहीं है, जिसमें घोटाले के आरोप न लगे हों।

सुबह 4 बजे खुला मिला घर का दरवाजा, अंदर जाकर देखा तो उड़ गए होश, चंदौली में किसान के घर में हो गया कांड

ओवैसी ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो कक्षा एक से 12वीं तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की कोशिश होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जब दूसरे लोगों को ताकत दी जा सकती है तो अपनी ताकत भी बनाई जा सकती है। अब वे किसी के सामने हाथ नहीं फैलाएंगे, बल्कि बहुजन समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग को मजबूत बनाने का काम करेंगे।

AIMIM प्रमुख ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और गठबंधन सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा।

UP Election1

ओवैसी और चंद्रशेखर ने मिलाया हांथ (Image Source: AI)

SIR पर भी घेरा चुनाव आयोग

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश में 16 महीने जेल में रखा गया और उन पर एनएसए लगाया गया, लेकिन उनके मुकदमे वापस नहीं हुए। दूसरी ओर मुख्यमंत्री अपने मुकदमे वापस लेने में सफल रहे। उन्होंने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी बेटी को रात में जला दिया गया और परिवार को न्याय नहीं मिला।

चंद्रशेखर ने कासगंज में अल्ताफ की मौत, मेरठ में सोनू कश्यप को जिंदा जलाए जाने और लखनऊ में रामशंकर वाल्मीकि के मामले का भी उल्लेख किया। इन घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

यूपी चुनाव से पहले सुलतानपुर में BJP का बड़ा संगठनात्मक दांव, पांचों विधानसभा सीटों पर नियुक्त किए प्रभारी

वहीं, ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में पक्षकार बनी थी और उत्तर प्रदेश में भी इस मुद्दे पर मुकदमा दायर किया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कथित तौर पर 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी कैसे मिली। ओवैसी ने मांग की कि चुनाव आयोग यह डेटा सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराए और बताए कि किस पार्टी तथा किस वर्ग के कितने मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि जुल्म सहने वाले से अन्याय सहने वाला ज्यादा दोषी होता है।

उन्होंने बताया कि बिहार में दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। चंद्रशेखर ने कहा कि फिलहाल मोर्चे में आजाद समाज पार्टी और AIMIM शामिल हैं, लेकिन आगे अन्य दलों के लिए भी रास्ते खुले हैं। दोनों नेताओं ने दोहराया कि 2027 में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

Location :  Lucknow

Published :  12 November 2026, 3:32 PM IST

Advertisement