हिंदी
भाजपा ने सभी 403 सीटों पर नियुक्त किए प्रभारी (Image Source: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। भाजपा के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के अध्यक्षों ने अलग-अलग सूचियां जारी कर विधानसभा प्रभारियों के नामों का ऐलान किया है। इस नियुक्ति में कई नेताओं को उनके अपने विधानसभा क्षेत्र के बजाय दूसरे क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी ने चुनावी रणनीति के तहत टिकट के दावेदार नेताओं को भी दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने का काम सौंपा है। मुरादाबाद की बिलारी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे सुरेश सैनी को अमरोहा विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। सुरेश सैनी इससे पहले 2012 में मुरादाबाद देहात, 2016 के उपचुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में बिलारी सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इन तीनों चुनावों में उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा था।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा की एक संभावित रणनीति भी सामने आई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार विधान परिषद के प्रमुख सदस्यों को सीधे विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा जा सकता है। इसके साथ ही कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटने की भी संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने सभी MLC को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्हें अपनी संभावित विधानसभा सीटों पर अभी से जमीनी तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें जनसंपर्क बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को समझने पर जोर दिया जा रहा है।
इस संभावित रणनीति का एक अहम पहलू उन विधानसभा सीटों को माना जा रहा है, जहां भाजपा पिछले चुनाव में हार गई थी। पार्टी की योजना ज्यादातर MLC को ऐसी ही सीटों पर उतारने की बताई जा रही है। पार्टी का मानना है कि कमजोर सीटों पर बड़े और प्रभावशाली नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने से मुकाबला मजबूत हो सकता है। इसका असर आसपास की विधानसभा सीटों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, MLC को टिकट देने और मौजूदा विधायकों के टिकट काटने को लेकर अभी अंतिम फैसले की जानकारी नहीं दी गई है।
ये भी पढ़े: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर DM ने परखी EVM-VVPAT की व्यवस्था, सुरक्षित रखरखाव के दिए निर्देश
भाजपा ने प्रदेश के अलग-अलग संगठनात्मक क्षेत्रों में विधानसभा प्रभारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी है। पश्चिम उत्तर प्रदेश की सभी 71 विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों की सूची नवाब सिंह नागर ने जारी की। वहीं, कानपुर-बुंदेलखंड की सभी 52 विधानसभा सीटों पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद प्रभारियों की तैनाती की गई। सीसामऊ विधानसभा सीट की जिम्मेदारी राजेन्द्र सिंह को मिली है।
गोरखपुर क्षेत्र की 62 विधानसभा सीटों पर भी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसमें गोरखपुर सदर सीट से विवेकानंद वर्मा को दोबारा प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा काशी, अवध और ब्रज क्षेत्रों की सभी विधानसभा सीटों के लिए भी प्रभारियों की सूची जारी की गई है।
नियुक्त किए गए प्रभारियों की जिम्मेदारी बूथ स्तर के संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करना, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना और केंद्र तथा राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना होगा। इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है।
Location : Lucknow
Published : 12 November 2026, 1:16 PM IST
Topics : 403 Assembly Incharges bjp BJP MLC Election Strategy Ticket Distribution 2027 UP Assembly Election 2027