हिंदी
भारत-अमेरिका के हवाई अभ्यास में छिपी थी बड़ी रणनीति (Image Source: X)
New Delhi: अमेरिका के F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों के साथ भारतीय वायुसेना का संयुक्त अभ्यास सिर्फ हवाई ताकत दिखाने तक सीमित नहीं था। अमेरिकी रक्षा वेबसाइट ‘द वॉर जोन’ में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक, ‘ऑपरेशन तरंग शक्ति-2026’ के दौरान भारतीय वायुसेना ने स्टील्थ विमानों से निपटने की रणनीति पर भी काम किया। अभ्यास में F-35 को चीनी J-20 जैसे स्टील्थ विमान की भूमिका में इस्तेमाल किया गया, ताकि भारतीय पायलट ऐसे विमानों को ट्रैक करने और उनसे मुकाबला करने के तरीके समझ सकें।
जोधपुर में 26 सितंबर से 12 अक्टूबर के बीच आयोजित इस युद्धाभ्यास में सात देशों की वायुसेनाओं ने हिस्सा लिया था। अमेरिका ने अपने छह F-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों के अलावा 200 से ज्यादा एयरफोर्स सैनिकों और अधिकारियों तथा KC-135R सपोर्ट विमान को भी भेजा था। संयुक्त अरब अमीरात ने F-16 लड़ाकू विमान भेजे थे। इसके अलावा फ्रांसीसी राफेल, ऑस्ट्रेलियाई विमान और बांग्लादेश, जर्मनी तथा श्रीलंका के विमानों ने भी अभ्यास में हिस्सा लिया।
भारतीय वायुसेना की ओर से राफेल, Su-30MKI और तेजस जैसे विमानों ने इसमें भाग लिया। जर्मनी का A400M विमान भी अभ्यास में शामिल था। अलग-अलग क्षमताओं वाले इन विमानों के साथ अभ्यास का उद्देश्य हवाई युद्ध की रणनीतियों को समझना और उन्हें परखना था। इसमें यह जानने का मौका मिला कि राफेल जैसे लड़ाकू विमान स्टील्थ विमान का सामना किस तरह कर सकते हैं और Su-30MKI को ऐसे विमानों के खिलाफ किस तरह की रणनीति अपनानी चाहिए।
ये भी पढ़े: रक्षा मंत्रालय ने नौसेना के लिए 26 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को दी मंजूरी, जानिये पूरी योजना
अमेरिकी रक्षा वेबसाइट ‘द वॉर जोन’ में डिफेंस जर्नलिस्ट थॉमस न्यूडिक ने इस अभ्यास को लेकर लेख लिखा है। इसमें उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना ने अमेरिकी F-35 विमानों को चीनी J-20 जैसे स्टील्थ लड़ाकू विमान की भूमिका में इस्तेमाल किया। इसका मकसद स्टील्थ विमानों के साथ हवाई मुकाबले से जुड़ी जानकारियां हासिल करना था।
इस अभ्यास में शामिल एक अमेरिकी F-35 पायलट के मुताबिक, यह युद्धाभ्यास सामान्य अभ्यासों से अलग था। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना के क्रू ने करीब दो हफ्ते तक वास्तविक स्टील्थ लड़ाकू विमान F-35 के खिलाफ अभ्यास किया। अमेरिकी पायलट ने यह भी बताया कि भारतीय वायुसेना अपना रडार विकसित कर रही है, जिससे स्टील्थ लड़ाकू विमानों को ट्रैक किया जा सके। स्टील्थ लड़ाकू विमान सामान्य लड़ाकू विमानों की तरह आमने-सामने की डॉगफाइट पर निर्भर नहीं रहते। वे अपने रडार का इस्तेमाल करते हुए दुश्मन की रडार की पकड़ में आए बिना हमला करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में भारतीय पायलटों के लिए F-35 के खिलाफ अभ्यास यह समझने का अवसर था कि स्टील्थ विमान की पहचान और ट्रैकिंग कैसे की जाए।
ऑपरेशन तरंग शक्ति-2026 (Image Source: X)
अभ्यास के दौरान यह समझने पर भी काम हुआ कि ऐसे विमान को किस ऊंचाई और किस गति से घेरा जा सकता है। इसके साथ ही उन्हें निशाना बनाने के लिए किस तरह का ‘किल चेन’ नेटवर्क तैयार किया जा सकता है। इस रणनीति को चीनी J-20 जैसे स्टील्थ विमानों के मुकाबले के लिहाज से अहम बताया गया है। J-20 की प्रमुख खासियतों में रडार की पकड़ में आए बिना लंबी दूरी की PL-15 मिसाइल दागने की क्षमता बताई गई है। यह नेटवर्क आधारित युद्ध करता है। लेख में बताया गया है कि यदि ऐसे विमान का रडार पर पता लगा लिया जाए तो उसे निशाना बनाया जा सकता है। भारतीय राफेल और Su-30 विमानों के लिए यह अभ्यास ऐसे हालात में मुकाबले की रणनीति समझने का मौका था, जब दुश्मन का विमान सामने दिखाई न दे और रडार पर भी उसकी सही पहचान न हो।
ये भी पढ़े: एसयू-30एमकेआई लड़ाकू विमानों ने हिंद महासागर क्षेत्र में लंबी दूरी के मिशन को अंजाम दिया
‘ऑपरेशन तरंग शक्ति’ के दौरान भारतीय वायुसेना ने कई तरह के हवाई युद्ध अभ्यास किए। इनमें विजुअल रेंज में पैंतरेबाजी, एक बनाम एक, एक बनाम अनेक और दो बनाम एक विमानों के बीच मुकाबले शामिल थे। इन अभ्यासों के जरिए अलग-अलग परिस्थितियों में लड़ाकू विमानों की रणनीति को परखा गया।
इसके बाद 30 सितंबर से ‘लार्ज-फोर्स एम्प्लॉयमेंट’ (LFE) चरण शुरू हुआ। इसमें 80 से ज्यादा लड़ाकू विमान एक साथ अभ्यास के मैदान में उतरे। यह अभ्यास घने लड़ाकू माहौल में तैयार किए गए मिशनों के तहत हुआ, जहां वियॉन्ड विजुअल रेंज यानी दृश्य सीमा से बाहर रहकर मुकाबले का अभ्यास किया गया।
इस चरण में भारतीय वायुसेना ने अपने राफेल, मिराज-2000, Su-30MKI, मिग-29 और तेजस लड़ाकू विमानों को उतारा। अमेरिकी F-35 के साथ हुए अभ्यास और बड़े स्तर पर आयोजित इन मिशनों के जरिए भारतीय वायुसेना को स्टील्थ विमानों की क्षमताओं और उनसे मुकाबले की रणनीति को समझने का अवसर मिला।
Location : New Delhi
Published : 12 November 2026, 1:10 PM IST