हिंदी
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक व्यक्ति ने केजरीवाल को धमकी देते हुए 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरा फोन कॉल और WhatsApp मैसेज मिला। विधायक ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को इसकी शिकायत दी थी।
शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अरविंद केजरीवाल के नाम पर 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। आरोपी ने रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। धमकी में केजरीवाल की बेटी को भी निशाना बनाने की बात कही गई।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई
विधायक जरनैल सिंह की शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने साइबर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल्स, IP लॉग्स और लोकेशन की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है या वह गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डराने और फिरौती मांगने की कोशिश कर रहा है। मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
Location : New Delhi
Published : 12 November 2026, 1:02 PM IST