हिंदी
एयर शो देखने के लिए 5 KM पेैदल चलीं महिलाएं (Image Source: Pinterest)
Varanasi: वाराणसी में गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के एयर शो को देखने के लिए चंदौली के दुलहीपुर की 16 मुस्लिम महिलाएं करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर बहादुरपुर घाट पहुंचीं। शनिवार सुबह घर से निकली इन महिलाओं ने पहली बार इतने करीब से लड़ाकू विमानों को उड़ते और करतब दिखाते देखा। उनके लिए यह सिर्फ एयर शो नहीं, बल्कि घर की जिम्मेदारियों से निकलकर एक नया अनुभव हासिल करने का मौका था।
घर की चारदीवारी और रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच जिंदगी बिताने वाली दुलहीपुर की 16 महिलाओं के लिए शनिवार का दिन खास बन गया। वाराणसी में गंगा के ऊपर हो रहे एयर शो को देखने की चाह उन्हें करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर बहादुरपुर घाट तक ले आई। सुबह करीब सात बजे घर से निकलीं महिलाएं साढ़े आठ बजे तक घाट पहुंच गईं।
करीब डेढ़ घंटे के इस सफर के बाद उनकी नजरें आसमान पर टिक गईं। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और उनके हैरतअंगेज करतब देखकर महिलाएं रोमांचित हो उठीं। इनमें कई महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने पहली बार इतने करीब से लड़ाकू विमानों को उड़ते देखा था।
उनके लिए यह अनुभव इसलिए भी खास था, क्योंकि इतने बड़े आयोजन में शामिल होने का अवसर उन्हें अपने ही इलाके में मिला। महिलाओं का कहना था कि अगर यह एयर शो किसी दूसरे शहर में होता, तो शायद उनके लिए वहां पहुंचकर इसे देख पाना आसान नहीं होता।
Varanasi Air Show: राफेल-तेजस के करतब देख दंग रह गए लोग, ‘रुद्र’ और ‘कैलाश’ ने खींचा ध्यान
दुलहीपुर की शबाना ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से अपने घर की छत से एयर शो की रिहर्सल देख रही थीं। जब भी विमानों की आवाज सुनाई देती, वह छत पर पहुंच जाती थीं। हालांकि, दूर से विमानों को देखने के बाद उनके मन में उन्हें करीब से देखने की इच्छा लगातार बढ़ती गई।
आखिरकार शबाना परिवार की दूसरी महिलाओं के साथ गंगा किनारे पहुंच गईं। साजिया और रूबिका के लिए भी यह अनुभव बेहद खास रहा। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने इस तरह के लड़ाकू विमान नहीं देखे थे। आसमान में विमानों की तेज आवाज और उनके करतबों को करीब से देखना उनके लिए एक नया अनुभव था।
घर की जिम्मेदारियों के बीच समय निकालकर इस आयोजन में पहुंचना उनके लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि यादगार पल बन गया। पांच किलोमीटर की पैदल यात्रा भी उनके उत्साह के आगे छोटी पड़ गई।
सोते रहे गेटमैन, निकल गई ट्रेन; बनियान पहनकर फाटक बंद करने दौड़े ‘साहब’, वीडियो देख भड़के लोग
दुलहीपुर की आयशा ने कहा कि महिलाओं को घर से बाहर निकलकर इस तरह के बड़े आयोजनों में शामिल होने का अवसर कम मिलता है। वहीं, बीएसई की छात्रा फातिमा ने बताया कि अगर एयर शो किसी दूर शहर में आयोजित होता, तो वहां पहुंचना उनके लिए आसान नहीं होता।
वाराणसी में आयोजन होने से चंदौली और आसपास के इलाकों के लोगों को भी भारतीय वायुसेना की ताकत देखने का मौका मिला। गंगा किनारे बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के बीच इन 16 महिलाओं की कहानी भी खास रही।
Location : Varanasi
Published : 25 October 2026, 3:15 PM IST