हिंदी
अखिलेश यादव (Img : pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती भले ही अभी शुरू नहीं हुई हो। सियासी बयानबाजी ने चुनावी माहौल बनाना शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने मंच से गोपालकों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर अप्रत्यक्ष रूप से भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाली हार की हताशा में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा बयान जारी कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि गोपालकों को अपशब्द कहना प्रकारांतर में गोपाल यानी भगवान श्रीकृष्ण का अपमान है। सपा प्रमुख ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे, चंदे और दान के मामले का भी जिक्र किया और योगी सरकार पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव का नोटबंदी पर हमला, बोले- भ्रष्टाचार का महासागर थी नोटबंदी, खजांची को भी नहीं भूली BJP
सपा प्रमुख ने अपने बयान में पाल समाज और होल्कर समाज का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने वाराणसी में पाल समाज के लोगों पर लाठीचार्ज और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी प्रतिमा के कथित अपमान का जिक्र किया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की राजनीति में समाज के अलग-अलग वर्गों और धार्मिक आस्थाओं के सम्मान की अनदेखी हो रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम के और न ही भगवान कृष्ण के। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता को स्थापित करने की कोशिश में धार्मिक प्रतीकों और सनातनी परंपराओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों को अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
अखिलेश यादव के बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सपा प्रमुख लगातार सामाजिक सम्मान, पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग तथा धार्मिक-सामाजिक मुद्दों को अपनी राजनीति के केंद्र में रख रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 12 November 2026, 4:46 PM IST