हिंदी
छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज(img: Dynamite news)
Deoria: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर देवरिया में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सिद्धपीठ मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर स्थित पोखरे पर छठ पूजा के लिए घाट को सजाने-संवारने का काम तेजी से चल रहा है। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पूजा के लिए अपनी-अपनी बेदियां बनानी शुरू कर दी हैं। इस पोखरे पर हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं।
सजने लगा छठ घाट(img: Dynamite news)
देवरिया शहर के सिद्धपीठ मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर परिसर स्थित पोखरे पर छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पोखरे के चारों ओर साफ-सफाई, सजावट और छठ घाट को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है। व्रती महिलाएं और उनके परिजन अपने परिवार के नाम से पूजा की बेदियां तैयार कर रहे हैं, ताकि महापर्व के दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सकें।
इस पोखरे पर छठ पूजा के अवसर पर करीब दस हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। यहां व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी और अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन करेंगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मंदिर के पुजारी राजेश नारायण दास के अनुसार, इस पोखरे पर दशकों से शहर और आसपास के क्षेत्रों की माताएं-बहनें बड़ी संख्या में छठ व्रत करने पहुंचती हैं। उन्होंने नगरपालिका की व्यवस्थाओं और प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व जल, आकाश, सूर्य और धरती को जोड़ने वाला सनातन परंपरा का अद्भुत पर्व है।
सजने लगा छठ घाट(img: Dynamite news)
छठ महापर्व सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में श्रद्धालु भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
फिलहाल, मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर पोखरे पर छठ घाट को अंतिम रूप देने की तैयारियां जारी हैं। श्रद्धालुओं में महापर्व को लेकर खासा उत्साह है और सभी को छठी मैया के पावन पर्व का इंतजार है।
Location : deoria
Published : 13 November 2026, 5:02 PM IST
Topics : Chhath Ghat Preparation Chhath puja Deoria UP News