हिंदी
थार ने बाइक को मारी टक्कर (Img : Dynamite News)
फतेहपुर: जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। प्रयागराज रोड पर एक तेज रफ्तार थार ने पल्सर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे राधानगर थाना क्षेत्र में प्रयागराज रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ। घघौली (रमवां) गांव निवासी सूरजभान पुत्र सतपाल और बसावनपुर निवासी ज्ञानेंद्र पुत्र बालकरण पल्सर बाइक से बराईखुर्द अम्बापुर जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रही टेंपरेरी नंबर की थार गाड़ी ने ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक थार में फंस गई। इसके बाद चालक बाइक को काफी दूर तक सड़क पर घसीटता चला गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को पीएनसी की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान सूरजभान की मौत हो गई। ज्ञानेंद्र का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने सूरजभान के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेज दिया है। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। वहीं दुर्घटना में शामिल थार गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Fatehpur
Published : 13 November 2026, 4:12 PM IST