हिंदी
जेठवारा पुलिस प्रतापगढ़ (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के जनपद प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने से एक मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान चमरूपुर पठान निवासी असफाक अहमद (58) पुत्र महबूब अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बीती 18 अक्टूबर को एक पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनके दो नाबालिग बेटों को कोल्ड ड्रिंक में जमालगोटा मिलाकर पिला दिया गया था। जहरीला पेय पीने से छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे की हालत गंभीर हो गई थी।
ये भी पढ़ें: Pratapgarh: सड़क हादसे में युवा पत्रकार रोहित जायसवाल की मौत, परिजनों में कोहराम
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी द्वारा इलाज के लिए आर्थिक मदद देने, डराने-धमकाने और सामाजिक दबाव बनाए जाने के कारण वे तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके थे। बाद में तहरीर मिलने पर जेठवारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 61(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
ये भी पढ़ें: Pratapgarh: दो दिन पहले आई खाद, फिर भी रेट बोर्ड पर NIL! आखिर कहां जा रहा किसानों का हक?
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी जेठवारा संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक एसानुलहक ने मुखबिर की सटीक सूचना पर हारी का पुरवा नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी असफाक अहमद को दबोच लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल शोभनाथ राम और कांस्टेबल सूरज कुमार भी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Pratapgarh
Published : 13 November 2026, 5:00 PM IST
Topics : Poisoned Cold Drink Case Pratapgarh Police Arrest pratapgarh news SP Deepak Bhuker UP crime news today