हिंदी
एसएसपी श्लोक कुमार
मथुरा: जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एसएसपी श्लोक कुमार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। उन्होंने 147 उपनिरीक्षकों (दारोगाओं) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई तैनाती दी है। इस फेरबदल में लंबे समय से एक ही थाने या चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दूसरी जगह भेजा गया है। वहीं, एक दर्जन से अधिक चौकी प्रभारियों को भी बदल दिया गया है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने जिले की कई महत्वपूर्ण चौकियों पर नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। इनमें नंदगांव, अद्धा, कस्बा छाता, बाग बहादुर, रैपुरा जाट, ओल, जाजमपट्टी, देवसेरस, खानपुर, वृंदावन गेट, आझई, छटीकरा, लक्ष्मीनगर, कोकिलावन, कोटवन, बंगाली घाट, बीएसए और बाजना कट चौकी शामिल हैं।
तबादला सूची के अनुसार आनंद कुमार शर्मा को नंदगांव से अद्धा चौकी भेजा गया है। अंकित मलिक को कस्बा छाता से बाग बहादुर चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सौरभ तेवतिया को रैपुरा जाट से कस्बा राया चौकी में नई तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल का असर शहर और देहात दोनों क्षेत्रों में देखने को मिला है। कोतवाली, सदर बाजार, गोविंदनगर, वृंदावन, हाईवे, रिफाइनरी, गोवर्धन, बरसाना, छाता, फरह, जैत, जमुनापार, कोसीकलां, महावन, मांट, नौहझील, राया, शेरगढ़ और सुरीर समेत कई थानों में उपनिरीक्षकों की तैनाती बदली गई है।
कई दारोगाओं को शहर के थानों से देहात के थानों में भेजा गया है, जबकि देहात में तैनात पुलिसकर्मियों को शहरी क्षेत्रों में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इस तबादला सूची में पुलिस लाइन में रिजर्व चल रहे उपनिरीक्षकों को भी शामिल किया गया है। उन्हें भी अलग-अलग थानों और चौकियों में तैनाती दी गई है।
पुलिस विभाग में एक साथ 147 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदलने को जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
Location : Mathura
Published : 14 November 2026, 1:35 PM IST