हिंदी
कारोबारी के बेटे की मौत पर नया मोड़ (Image Source: Dynamite News)
Kanpur: बिठूर थाना क्षेत्र के रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर कागज कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना के चार दिन बाद मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजन इस घटना को हादसा मानने के बजाय संदिग्ध बता रहे हैं। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।
कानपुर के कौशलपुरी निवासी विशाल खंडेलवाल कागज कारोबारी हैं। परिवार में उनकी पत्नी, शादीशुदा बेटी काव्या और 22 वर्षीय इकलौता बेटा संभव खंडेलवाल था। परिजनों के मुताबिक, 14 नवंबर को दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच संभव घर से अपने एक दोस्त से मिलने की बात कहकर निकला था।
हाथरस में बिसाना हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली
शाम करीब चार बजे संभव के पिता विशाल खंडेलवाल के पास फोन आया। यह फोन बिठूर स्थित रुद्रा ग्रीन्स टावर-2 में रहने वाले एक व्यक्ति ने संभव के ही मोबाइल फोन से किया था। फोन पर शुरुआत में बताया गया कि संभव के साथ हादसा हो गया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।
इसके बाद जब परिजन पारस हॉस्पिटल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि संभव बिल्डिंग से नीचे गिर गया था और उसकी मौत हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और अगले दिन संभव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, संभव अपनी एक दोस्त से मिलने रुद्रा ग्रीन्स पहुंचा था। वह छठी मंजिल स्थित अपार्टमेंट में मौजूद था, जहां युवती के साथ उसकी मां, मामा और बेटा भी थे। घटना को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से मृतक के परिजनों को बताया गया कि संभव बच्चे के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बालकनी में रखा दीया उसके पैर के फिसलने की वजह बना और वह नीचे गिर गया।
दूसरे पक्ष की ओर से घटना को हादसा बताया गया था। हालांकि, संभव के परिजन इस स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हैं और घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। उनका आरोप है कि संभव के साथ कुछ ऐसा हुआ है, जिसकी जांच होनी चाहिए।
इस मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें संभव नीचे गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद शुरुआत में घटना को हादसा माना जा रहा था, लेकिन परिजनों ने अब पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है।
Deoghar: धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में खुलकर उतरे निशिकांत दुबे, दिया बांके बिहारी का उदाहरण
घटना के करीब चार दिन बाद संभव के पिता विशाल खंडेलवाल ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में था। अब तहरीर मिलने के बाद इस मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ गई है।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और उपलब्ध एविडेंस की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 19 November 2026, 10:24 PM IST