प्रतापगढ़: धीरेंद्र शास्त्री की कथा में पंडाल के बाहर मेले जैसा नजारा, पाकिस्तान से आए 500 हिंदू भी पहुंचे

प्रतापगढ़ के कुण्डा स्थित बेंती में आयोजित भव्य श्रीराम कथा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन एकता का संदेश दिया। कथा में पाकिस्तान से आए 500 विस्थापित हिंदुओं ने भी सहभागिता की। राजा भैया द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह समेत देश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 18 November 2026, 9:04 PM IST
google-preferred

प्रतापगढ़:  कुण्डा के बेंती स्थित परेड ग्राउंड और राजभवन में आयोजित पावन श्रीराम कथा के दूसरे दिन बुधवार को आस्था, सनातन संस्कृति और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला। परेड ग्राउंड में भक्ति और श्रद्धा का ऐसा उल्लास छाया कि पूरा परिसर प्रयागराज के महाकुंभ जैसा नजर आने लगा। विशाल पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। जगह कम पड़ने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल के बाहर भी खड़े होकर पूरी तन्मयता से श्रीराम कथा का श्रवण करते नजर आए।

जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिव्य प्रेम सेवा मिशन के मार्गदर्शक कुँवर रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का विस्तार से वर्णन किया। कथा का विशेष आकर्षण पाकिस्तान से आए 500 विस्थापित हिंदू रहे। जिन्होंने कथा में शामिल होकर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भक्ति और सनातन एकता का दिया संदेश

कथा के दूसरे दिन पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मन में व्याप्त पाप और अंधकार को केवल ईश्वर की सच्ची भक्ति से दूर किया जा सकता है। उन्होंने जीवन में श्रद्धा के महत्व को समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार अन्न के बिना शरीर को पोषण नहीं मिलता, उसी प्रकार श्रद्धा भाव के बिना ईश्वर की प्राप्ति संभव नहीं है।

सनातन धर्म की एकता पर जोर देते हुए उन्होंने अपने बचपन के खेल का रोचक उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि बचपन में जब कोई एक बच्चा खंभे को मजबूती से पकड़ लेता था तो चार बच्चे मिलकर भी उसे खींच नहीं पाते थे। इसी तरह आज सभी सनातनियों को एकजुट होने की आवश्यकता है। जिससे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को मजबूती मिले और देश विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू सके।

इस दौरान दिव्य प्रेम सेवा मिशन के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही हवन-यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

कैबिनेट मंत्री का संबोधन

पाकिस्तान से आए 500 हिंदू भी पहुंचे

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी शामिल हुए। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब देश का मात्र 40 प्रतिशत हिंदू एकजुट हुआ, तब 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ। उन्होंने मथुरा और काशी के लिए भी सनातनियों से एक मंच पर आने का आह्वान किया।

कथा में धार्मिक आयोजन के साथ राजनीति, कला और फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह विशेष रूप से कथा श्रवण करने पहुंचे। उन्हें देखने के लिए युवाओं और उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पंडाल के बाहर मेले जैसा नजारा

बेंती परेड ग्राउंड स्थित श्रीराम कथा पंडाल के बाहर भी मेले जैसा माहौल रहा। मैदान में सनातन संस्कृति से जुड़ी धार्मिक पुस्तकों, ग्रंथों और रुद्राक्ष की मालाओं की दर्जनों दुकानें सजी थीं। श्रद्धालु इन दुकानों पर खरीदारी करते नजर आए।

दूर-दराज से आए भक्तों की सुविधा के लिए खाने-पीने की वस्तुओं के स्टॉल और दुकानें भी लगाई गई थीं। जहां दिनभर लोगों की चहल-पहल बनी रही। वहीं, पंडाल के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों एवं स्वयंसेवकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इन प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

श्रीराम कथा में राजस्थान की शिव विधानसभा के विधायक रवींद्र सिंह भाटी, उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश कुमार, महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री मोती सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, जौनपुर के एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंसू', वाराणसी के पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह, एमएलसी विक्रांत सिंह 'रिशु', प्रख्यात सनातनी विचारक एवं वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ, भोजपुरी सिने स्टार पवन सिंह और चर्चित फिल्म 'हनुमान अंश' के मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Location :  Pratapgarh

Published :  18 November 2026, 8:56 PM IST

Related News

Advertisement