एक ही डॉक्टर के नाम पर कई लैब, मुजफ्फरनगर में मरीजों की जान से हो रहे खिलवाड़ का हुआ पर्दाफाश

मुजफ्फरनगर में अवैध और अनियमित पैथोलॉजी लैबों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संघर्ष समिति ने सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया को ज्ञापन सौंपा। समिति ने योग्य पैथोलॉजिस्ट की गैरमौजूदगी, जांच रिपोर्ट में अंतर और मेडिकल वेस्ट खुले में फेंकने के आरोप उठाए। सीएमओ ने बताया कि जांच के लिए विशेष समिति पहले ही गठित की जा चुकी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 18 November 2026, 7:54 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में अवैध और अनियमित रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर और कलेक्शन सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। हिंदू संघर्ष समिति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया को ज्ञापन सौंपकर जिले में संचालित सभी लैबों की व्यापक जांच कराने की मांग की है। समिति ने आरोप लगाया कि कई केंद्र निर्धारित मानकों और योग्य पैथोलॉजिस्ट की मौजूदगी के बिना चल रहे हैं। इसके साथ ही मेडिकल वेस्ट खुले में फेंके जाने का मुद्दा भी उठाया गया।

बिना योग्य पैथोलॉजिस्ट लैब चलाने का आरोप

अखिल भारतीय शक्ति दल से अरुण प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि शासन की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी निर्देशों के बावजूद जिले में कई पैथोलॉजी लैब नियमों और मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रही हैं। उनका कहना है कि कुछ जगहों पर एक ही डॉक्टर के नाम पर कई लैबों का रजिस्ट्रेशन करा लिया जाता है, जबकि संबंधित डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं रहते। समिति ने जांच रिपोर्ट में अंतर आने का मुद्दा भी उठाया। अरुण प्रताप सिंह के अनुसार, एक ही मरीज की अलग-अलग लैब में कराई गई जांच की रिपोर्ट में अंतर देखने को मिलता है। समिति ने इसे गंभीर विषय बताते हुए सभी लैबों की जांच कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़े: चंडीगढ़ से मुजफ्फरनगर आकर महिला का मोबाइल छीनना पड़ा भारी, गन्ने के खेत में छिपे बदमाशों पर पुलिस ने बरसाईं गोलियां

अवैध पैथोलॉजी लैबों पर कार्रवाई की मांग (Image Source: Dynamite News)

मेडिकल वेस्ट खुले में फेंकने का भी मुद्दा उठाया

ज्ञापन में मेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर भी चिंता जताई गई। समिति ने आरोप लगाया कि सिरिंज, कॉटन और खून से सने मेडिकल कचरे को खुले में नालियों और कूड़े में फेंका जा रहा है। समिति का कहना है कि इस तरह मेडिकल वेस्ट का खुले में निस्तारण आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। हिंदू संघर्ष समिति ने सीएमओ से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले में संचालित पैथोलॉजी लैब, डायग्नोस्टिक सेंटर और कलेक्शन सेंटरों की जांच कराने की मांग की। समिति का कहना है कि जांच के दौरान नियमों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले केंद्रों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

ये भी पढ़े: किताबों के बजाय हाथों में थाम लिए तमंचे और राइफल, मुजफ्फरनगर में जमीन कब्जाने जा रहे 17 छात्रों समेत 20 गिरफ्तार

सीएमओ को सौंपा ज्ञापन (Image Source: Dynamite News)

सीएमओ बोले- चार दिन पहले गठित हो चुकी है जांच समिति

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि पैथोलॉजी लैबों की जांच के लिए चार दिन पहले ही विशेष समिति गठित की जा चुकी है। इस समिति में माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. एनपी सिंह और डॉ. महक सिंह को शामिल किया गया है। सीएमओ के मुताबिक, जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी मरीज की जांच रिपोर्ट में अंतर मिलता है तो पैथोलॉजिस्ट से उसकी समीक्षा कराई जाएगी। जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने यह भी कहा कि हिंदू संघर्ष समिति की ओर से ज्ञापन दिए जाने के बाद जांच प्रक्रिया को और गंभीरता से आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसे में अब जिले की पैथोलॉजी लैबों और अन्य जांच केंद्रों की जांच के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं पर कार्रवाई का इंतजार है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  18 November 2026, 7:54 PM IST

Related News

Advertisement