हिंदी
पुरुषोतम रतूड़ी (Img : Dynamite News)
New Delhi: 1980 के दशक में रिलीज़ हुई ऐतिहासिक और ब्लॉकबस्टर गढ़वाली फिल्म 'घरजवैं' (Gharjawain) में पोस्ट मास्टर के चरित्र का निभाकर अपने अभियन कौशल से सभी के दिलों को जीतने वाले उत्तराखंड के फिल्म कलाकार पुरुषोतम रतूड़ी (Purushottam Raturi) का 76 साल की उम्र में देहांत हो गया। उन्होंने मुंबई में ठाणे वेस्ट के गोड़बंदर स्थित अपने आवास पर मंगलवार की शाम को अंतिम सांस ली।
उनके निधन से उत्तराखंड फिल्म से जुड़े लोगों और मुंबई में रह रहे पहाड़ के प्रवासी लोगों में शोक की लहर हैं। उनके चहेते और जानने वाले लोग पुरुषोतम रतूड़ी अलग-अलग माध्यमों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
पुरुषोतम रतूड़ी अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, बेटा भूपेन्द्र रतूड़ी, दो बेटियां इंदू (हिमानी) और शोभा को छोड़ गये हैं।
पुरुषोतम रतूड़ी के पुत्र भूपेन्द्र रतूड़ी (टीटू) ने बताया कि सोमवार की सुबह उनके पिता की अचानक तबीयत खराब हुई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनको दिल का दौरा पड़ा है। उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कराया गया लेकिन उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति बेहद गंभीर है और ठीक होने की उम्मीद कम है। गंभीर स्थिति को देखते हुए अगले दिन मंगलवार को परिवार वाले उनको डॉक्टरों की निगरानी में घर लेकर आए, जहां कुछ देर बाद उनका निधन हो गया।
पुरुषोतम रतूड़ी (File Photo)
बुधवार सुबह ठाणे के मोगरापाढ़ा स्थित शवदाह गृह में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया और मुंबई में रहने वाले फिल्म व उत्तराखंड समाज के तमाम गणमान्य लोगों ने उनको नम आंखों से विदाई दी।
पुरुषोतम रतूड़ी का जन्म 4 जून 1950 को उत्तराखंड में चमोली जनपद के कर्णप्रयाग तहसील में स्थित रतूड़ा (चांदपुर) गांव में एक सामान्य परिवार में हुआ। किशोरावस्था में ही वे गांव में होने वाली रामलीलाओं में अलग-अलग किरदार निभाने लगे। उनके अभिनय कौशल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे कभी एक पात्र की भूमिका में नहीं बंधे। रामलीला के मंच पर उन्होंने सीता, राम और रावण तक के प्रमुख किरदार निभाए।
पढ़ाई लिखाई और रामलीला में अभिनय के बीच बिजली विभाग में उनकी नौकरी लगी। यह वह दौर था, जब पहाडों और दूर दराज बसे गावों में पहली बार सरकार बिजली पहुंचाने की शुरूआत कर रही थी। लेकिन अभिनय में रमने वाले पुरुषोतम रतूड़ी का बिजली विभाग में मन नहीं लगा और कला व अभिनय की दुनिया में बड़े मौकों की तलाश के लिए वे पहाड़ छोड़कर मुंबई चले गये।
पुरुषोतम रतूड़ी के अंदर छुपे कलाकार को पहचानने में मुंबई के फिल्मकारों को थोड़ा भी वक्त नहीं लगा। उनको ऑफर्स मिलने लगे लेकिन ठीक उसी समय उनको विश्वेश्वर दत्त नौटियाल (तरुन तारण) द्वारा घरजवैं फिल्म के निर्माण की जानकारी मिली। घरजवैं के निर्माता-निर्देशक ने पुरुषोतम रतूड़ी के अभिनय कौशल को पहचाना और इस गढ़वाली फिल्म में उनको अभिनय का मौका दिया। पुरुषोतम रतूड़ी ने इस फिल्म में पोस्टमास्टर की छोटी लेकिन यादगार भूमिका निभाई।
खास बात यह कि 1986 में रिलीज हुई सुपरहिट गढ़वाली फिल्म घरजवैं मधुर, दमदार और ऐतिहासिक गीत ‘जय बद्री केदारनाथ, गंगोत्री जय-जय, यमुनोत्री जय-जय’ गाने वाले वाचस्पति ड्यूंडी और पुरुषोतम रतूड़ी उत्तराखंड के एक ही गांव रतूड़ा के रहने वाले थे। यह गीत नरेंद्र सिंह नेगी ने लिखा था। फिल्म में एक ही आवाज से लोग बोर न हों, इसलिए फिल्म में अलग-अलग गायकों को लिया गया और ‘जय बद्री केदारनाथ…’ गीत नरेंद्र सिंह नेगी न गाकर वाचस्पति ड्यूंडी ने गाया।
पुरुषोतम रतूड़ी ने घरजवैं के अलावा ‘फ्यौंली’, ‘लाटू कू ब्याह’ समेत अन्य कई गढ़वाली फिल्मों में काम किया। बाद के दौर में रतूड़ी खुद गढ़वाली फिल्मों के निर्माण और निर्देशन में जुटे लेकिन सरकार समेत तमाम मोर्चों पर अनुकूल माहौल न मिलने के कारण वे कई फिल्मों को पूरा नहीं कर सके। पुरुषोतम रतूड़ी का निधन उत्तराखंड की फिल्मों के लिए अपूरणीय क्षति है।
यह भी एक संयोग है कि 1986 में रिलीज हुई फिल्म 'घरजवैं' की मुख्य नायिका शांति चतुर्वेदी का भी लगभग डेढ़ माह पहले 30 सितंबर को मुंबई में निधन हुआ। उनके निधन से भी गढ़वाली सिनेमा में ऐसी शून्यता पैदा हुई है, जिसको भरना बेहद कठिन है।
Location : New Delhi
Published : 18 November 2026, 6:42 PM IST