हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Pauri Garhwal: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से एक ऐसा मामला सुनने को मिला है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। इस मामले के बाद आसपास के शहर में हड़कंप मच गया और सरकारी विभाग की भी नींद उड़ गई। कल्जीखाल ब्लॉक में एक 28 साल की महिला 9 बार मां बन चुकी है और उसने 8 बच्चे घर में जन्म दिए। जिसके बाद सरकारी व्यवस्थाओं में सवाल उठने लगे।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस मामले की भनक सरकारी विभागों को भी नहीं थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि स्वास्थ्य विभाग को महिला के नौवें प्रसव की जानकारी पिछले महीने अक्तूबर में मिली थी।
इस मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि महिला की जांच कराने में विभाग को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला के पति के विरोध के कारण स्वास्थ्य टीम उसके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नहीं पहुंच पा रही थी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस के सहयोग से महिला की जांच कराई गई। जांच के दौरान सामने आया कि लगातार गर्भधारण के कारण महिला का स्वास्थ्य जोखिम में है।
उत्तराखंड की ब्यूरोक्रेसी में रातोंरात बड़ा उलटफेर, 10 IAS और 20 PCS अफसरों को मिली ये जिम्मेदारी
यह महिला की नौवीं प्रेगनेंसी थी, जिसे 'हाई-रिस्क' (उच्च जोखिम वाली) श्रेणी में रखा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी। 22 अक्टूबर को उसे '108' एम्बुलेंस सेवा के जरिए घंडियाल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया।
प्रसव के बाद मां और नवजात शिशु दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे अब सुरक्षित हैं। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और उनकी निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
CHC घंडियाल की चिकित्सा अधिकारी (प्रभारी) डॉ. मीनाक्षी वर्मा ने महिला के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। उनके अनुसार, बार-बार प्रेगनेंसी खासकर कम उम्र में शुरू होने पर शरीर में खून और जरूरी पोषक तत्वों की कमी का कारण बन सकती है। इसके अलावा, इससे हड्डियां कमजोर होने और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है। महिला को बेहतर स्वास्थ्य देखभाल और नियमित चिकित्सीय निगरानी की आवश्यकता है।
महिला के कुल नौ बच्चे हैं पांच बेटे और चार बेटियां। हालांकि, जब स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची, तो वहां केवल छह बच्चे ही मौजूद थे। दो बच्चे घर पर नहीं थे, जिसकी आगे जांच की जानी जरूरी है। इसके अलावा, महिला के पास आधार कार्ड न होने के कारण, वह 'जननी सुरक्षा योजना' या 'प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना' का लाभ नहीं उठा पा रही है। बच्चों को भी सरकार द्वारा दी जाने वाली पोषण संबंधी सहायता नहीं मिल रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को मिलाकर एक संयुक्त टीम का गठन किया है, जो इस पूरे मामले की जांच करेगी। टीम को महिला और उसके सभी बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करने और यह पता लगाने का काम सौंपा गया है कि उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ क्यों नहीं मिला।
उनसे यह भी पता लगाने को कहा गया है कि किन परिस्थितियों में दो बच्चे घर से दूर पाए गए थे। जिला मजिस्ट्रेट ने टीम को इन सभी पहलुओं की जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
Location : Pauri Garhwal
Published : 16 November 2026, 5:33 PM IST
Topics : Janani Suraksha Yojana Maternal Health News Pauri Garhwal News Pauri Health Department Uttarakhand News