भारत को न पढ़ाएं लोकतंत्र का पाठ! मेलोनी की करीबी नेता ने यूरोपीय सोशलिस्ट को सुना दिया

भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने वाले यूरोपीय नेताओं पर इटली की सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने सवाल उठाए हैं। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की करीबी मानी जाने वाली बर्गामिनी ने यूरोपीय सोशलिस्ट नेता जियाकोमो फिलिबेक की कांग्रेस और राहुल गांधी के समर्थन में की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई। जानिए बर्गामिनी ने फिलिबेक को क्या नसीहत दी और भारत-इटली संबंधों का क्यों किया जिक्र।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 16 November 2026, 4:42 PM IST
google-preferred

New Delhi: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की करीबी मानी जाने वाली सांसद डेबोरा बर्गामिनी ने भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर यूरोपीय सोशलिस्ट नेता जियाकोमो फिलिबेक की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और भारत के अपने राजनीतिक संस्थान और न्यायपालिका हैं। देश के आंतरिक राजनीतिक विवादों का समाधान लोकतांत्रिक व्यवस्था और तय नियमों के तहत होना चाहिए।

दरअसल, यूरोपीय सोशलिस्ट्स पार्टी (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने हैदराबाद में कांग्रेस की ओर से आयोजित भारत समिट 2026 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा था। उन्होंने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा देते हुए भारतीय लोकतंत्र को खतरे में बताया था। फिलिबेक ने यह भी कहा था कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना जरूरी है।

विदेशी नेताओं का हस्तक्षेप उचित नहीं: बर्गामिनी

डेबोरा बर्गामिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर फिलिबेक की टिप्पणी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी मित्र देश की घरेलू राजनीतिक बहस में विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों का हस्तक्षेप करना उचित नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक बहस चल रही है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य दोहरी प्रविष्टियों, मृत व्यक्तियों और दूसरे स्थानों पर जा चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाना है। बर्गामिनी के मुताबिक, लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन आरोपों के समर्थन में सबूत भी होने चाहिए।

97 करोड़ मतदाताओं का दिया हवाला

इटली की सांसद ने भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने वाले यूरोपीय प्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूरोपीय लोगों के रूप में ऐसे देश को लोकतंत्र की सीख देना उचित नहीं है, जहां 97 करोड़ मतदाताओं को मतदान का अवसर मिलता है।

बर्गामिनी ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में व्यापक सहयोग है। ऐसे में मित्र देश के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर विदेशी प्रतिनिधियों की टिप्पणी उचित नहीं है।

क्या बोले थे जियाकोमो फिलिबेक?

जियाकोमो फिलिबेक ने भारत समिट 2026 के दौरान कहा था कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारत में लोकतंत्र से जुड़ी चुनौतियों की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा था कि यूरोपीय सोशलिस्ट्स पार्टी, कांग्रेस और दुनिया के अन्य राजनीतिक संगठन सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए काम करने वाले प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा हैं।

फिलिबेक के बयान के बाद डेबोरा बर्गामिनी की प्रतिक्रिया ने भारत के घरेलू राजनीतिक मुद्दों पर विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों की टिप्पणियों और भारत-इटली के संबंधों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

Location :  New Delhi

Published :  16 November 2026, 4:42 PM IST

Related News

Advertisement