हिंदी
देवघर में पार्सल सस्ता दिलाने के बहाने साइबर ठगी
Deoghar: साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका निकाला है। APK फाइल और फर्जी कॉल के बाद अब E-BOZO ऐप के नाम पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। सस्ते पार्सल और कूरियर सेवा का लालच देकर लोगों के मोबाइल पर ऐसे संदिग्ध लिंक भेजे जा रहे हैं, जिनके जाल में फंसते ही बैंक खाते पर साइबर अपराधियों की नजर पहुंच जाती है। देवघर में सामने आ रही इन घटनाओं ने मोबाइल यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में मोहनपुर प्रखंड के एक व्यक्ति को E-BOZO ऐप से जुड़ा लिंक मिला था। सस्ती कूरियर सेवा के लालच में उन्होंने लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल अचानक ब्लैक हो गया। जब तक मोबाइल दोबारा सामान्य हुआ, तब तक खाते से करीब 30 हजार रुपये की निकासी हो चुकी थी। इसी तरह की घटनाएं सारठ और सोनारायठाढ़ी प्रखंड में भी सामने आने की बात कही जा रही है।
E-BOZO ऐप के नाम पर बिछाया जाल
साइबर अपराधी लोगों को WhatsApp और दूसरे डिजिटल माध्यमों से फर्जी लिंक भेजते हैं। आकर्षक ऑफर और कम कीमत पर पार्सल पहुंचाने का झांसा देकर संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाता है। ऐसे लिंक और ऐप मोबाइल की सुरक्षा को खतरे में डाल सकते हैं। इसलिए बिना विश्वसनीयता जांचे किसी भी लिंक पर क्लिक करना या अनजान स्रोत से ऐप इंस्टॉल करना भारी पड़ सकता है।
देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि जिले में साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। साइबर अपराधी लोगों को सस्ती पार्सल और कूरियर सेवा का प्रलोभन देकर E-BOZO जैसे ऐप डाउनलोड कराने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर भरोसा न करें और बिना जांच-पड़ताल के कोई ऐप डाउनलोड नहीं करें।
साइबर थाना से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले दो वर्षों के दौरान जिले में करीब 1500 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कम उम्र के युवाओं की भी बड़ी संख्या बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में APK फाइल, डेटिंग ऐप, फर्जी लिंक, संदिग्ध ऐप और पार्सल-कूरियर सेवा के नाम पर ठगी के अलग-अलग तरीके सामने आए हैं।
साइबर ठगी का तरीका केवल फर्जी लिंक तक सीमित नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अपराधी कई बार जिले के बड़े अधिकारियों और डीसी-एसपी कार्यालय के वरिष्ठ कर्मचारियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में किसी अधिकारी के नाम से आए संदेश या कॉल पर भी बिना सत्यापन भरोसा करना नुकसानदेह हो सकता है।
साइबर अपराध से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी अज्ञात स्रोत से APK या अन्य ऐप डाउनलोड न करें और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें और cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
Location : Deoghar
Published : 18 November 2026, 2:37 PM IST