सोने की चमक और गाड़ियों की रफ्तार से देवघर गुलजार, दीपावली पर 100 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

देवघर में धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर सोने और ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है, जिससे जिले में व्यापार का आंकड़ा 100 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 7 November 2026, 5:37 PM IST
google-preferred

Deoghar: धनतेरस और दीपावली के त्योहार ने देवघर के बाजारों में रौनक बढ़ा दी है। सोने की चमक और नई गाड़ियों की खरीदारी ने इस बार कारोबार को खास गति दी है। हालांकि बाजार के हर सेक्टर में एक जैसी तेजी नहीं दिख रही, लेकिन आभूषण और ऑटोमोबाइल कारोबारियों के चेहरे पर उत्साह साफ नजर आ रहा है। कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक देवघर जिले में व्यापार का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स से मिली जानकारी के मुताबिक, इस वर्ष धनतेरस के दिन ही देवघर में लगभग 30 से 35 करोड़ रुपये के सोने की बिक्री हुई। धनतेरस से दीपावली तक जिले में सोने का कारोबार 40 से 45 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खरीदारों ने खूब दिलचस्पी दिखाई है। बाइक और कार की बिक्री से इस सेक्टर में 45 से 50 करोड़ रुपये तक के कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है। अब तक करीब 20 करोड़ रुपये का व्यापार होने की बात सामने आई है।

बड़े कारोबार में चमक, छोटे दुकानदारों की चिंता बरकरार

संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव निरंजन कुमार के मुताबिक, सोने और ऑटोमोबाइल को छोड़ दें तो दूसरे कारोबारी क्षेत्रों में वैसी तेजी नहीं दिख रही, जैसी उम्मीद की जा रही थी। सोने की कीमतों में आई गिरावट और छठ-दीपावली के बाद शुरू होने वाले लग्न के मद्देनजर लोगों ने आभूषण और वाहनों की खरीदारी को प्राथमिकता दी है।

दीपावली से पहले दिल्ली-NCR में धमाका! पुलिस चौकी में ब्लास्ट, कश्मीर के संगठन ने ली जिम्मेदारी?

दूसरी ओर, छोटे दुकानदार अब भी ग्राहकों की कमी और सीमित खरीदारी से जूझ रहे हैं। बाजार में नकदी की कमी, ऑनलाइन शॉपिंग का बढ़ता चलन और मॉल कल्चर का असर परंपरागत दुकानों के कारोबार पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि आम खरीदार पहले की तरह खुलकर खर्च नहीं कर रहे हैं।

संपन्न परिवारों की खरीदारी भी उम्मीद से कम

चैंबर सचिव के अनुसार, शहरी क्षेत्र के उच्च मध्यम वर्ग और संपन्न परिवारों की ओर से भी धनतेरस पर अपेक्षा के अनुरूप बड़ी खरीदारी नहीं हुई। इसकी वजह यह मानी जा रही है कि आर्थिक रूप से संपन्न परिवार पूरे साल खरीदारी करते हैं। लिहाजा उनकी खरीदारी केवल धनतेरस और दीपावली तक सीमित नहीं रह गई है।

संथाल परगना में 200 करोड़ तक कारोबार की उम्मीद

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अनुमान के अनुसार, धनतेरस से दीपावली तक पूरे संथाल परगना में 150 से 200 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। वहीं, देवघर और आसपास के इलाकों में अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है। दीपावली तक जिले में यह आंकड़ा 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि पटाखों और फायर क्रैकर्स के कारोबार का पूरा आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। इस सेक्टर में अच्छी बिक्री होने पर कुल कारोबार में और इजाफा संभव है।

त्योहार की खुशियों के बीच सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट

एक तरफ बाजार में खरीदारी का उत्साह है, तो दूसरी तरफ दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए देवघर पुलिस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देवरिया : दीपावली पर पटाखों की दुकानों को लेकर प्रशासन सख्त, सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि दीपावली के दौरान बच्चों को पटाखों और आतिशबाजी से सुरक्षित दूरी पर रखें तथा उनकी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। साथ ही शहर और संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे और आम लोग बिना किसी परेशानी के पर्व मना सकें।

Location :  Deoghar

Published :  7 November 2026, 5:37 PM IST

Advertisement