हिंदी
पुलिस चौकी में धमाका (img : Social Media)
गाजियाबाद : दीपावली का त्योहार नजदीक है। बाजारों में रौनक है। घरों में रोशनी की तैयारियां चल रही हैं और लोग खुशियों के पर्व को मनाने की तैयारी में जुटे हैं। लेकिन इसी बीच दिल्ली से सटे गाजियाबाद में हुए एक धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इंदिरापुरम के वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित संगठन का वीडियो सामने आया है। जिसमें धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' नाम के संगठन का जिक्र है।
धमाके के बाद 'गाजी 2' नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट और वीडियो साझा किया गया। इसमें कथित संगठन ने वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वीडियो में नकाब पहने एक व्यक्ति पहले उर्दू और फिर हिंदी में बात करता दिखाई देता है। वह पुलिस को निशाना बनाने और सरकार के खिलाफ कार्रवाई करने जैसी बातें कहता है। हालांकि, यह वीडियो असली है या किसी ने भ्रम फैलाने के लिए इसे जारी किया है, इसकी जांच की जा रही है। रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात करीब 9 बजे इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका हुआ। इसकी आवाज से इलाके में हलचल मच गई। धमाके से चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार भी आ गई। घटना के समय चौकी में पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोट नहीं आई। वहीं, खाना पहुंचाने आए एक डिलीवरी बॉय के सिर में कांच का टुकड़ा लगने से चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत अब ठीक है।
गाजियाबाद में दिवाली की खुशियों के बीच बड़ा हादसा, मोदीनगर में भरभराकर गिरा मकान, एक मौत, कई दबे
डीसीपी ऋजुल कुमार के मुताबिक, बम स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके की जांच की। शुरुआती जांच में बारूद या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। घटनास्थल से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस वायरल पोस्ट की सत्यता और इसे संचालित करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। यूपी एटीएस भी जांच में शामिल हुई है।
गाजियाबाद में यह घटना ऐसे समय हुई है। जब 5 अक्टूबर को साहिबाबाद के लाजपत नगर रामलीला मैदान में रावण का पुतला बनाने के दौरान हुए धमाके में चार लोगों की मौत हो चुकी है। अब वसुंधरा चौकी में हुए धमाके ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों और निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 7 November 2026, 3:25 PM IST