हिंदी
ताल में मासूम का शव मिलने से हड़कंप (Image Source: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। लार थाना क्षेत्र के ग्राम नेमा में दादा के साथ खेत की तरफ गए दो मासूम भाइयों में से एक का शव शनिवार को ताल में उतराता मिला। छह वर्षीय शिवांश चौहान की मौत की खबर से गांव में शोक फैल गया। वहीं उसके दादा पीतांबर चौहान (60) और सात वर्षीय दूसरे नाती दिव्यांश चौहान का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। दोनों के ताल में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार 6 नवंबर 2026 को ग्राम नेमा निवासी पीतांबर चौहान अपने दो नाती शिवांश चौहान (6) और दिव्यांश चौहान (7) के साथ खेत की तरफ गए थे। तीनों के काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी तीनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों ने इसकी सूचना लार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की और तीनों की तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोग भी अपने स्तर से उनकी जानकारी जुटाने में लगे रहे।
चप्पलें मिलने के बाद दादा और दूसरे नाती की तलाश तेज (Image Source: Dynamite News)
शनिवार 7 नवंबर को ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि नेमा ताल में एक बच्चे का शव उतराता दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंचकर जानकारी की गई तो शव की पहचान छह वर्षीय शिवांश चौहान के रूप में हुई। शिवांश का शव ताल में मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
इसी दौरान ताल के पास पीतांबर चौहान और दूसरे नाती दिव्यांश चौहान की चप्पलें भी मिलीं। चप्पलें मिलने के बाद दोनों के भी ताल में डूबने की आशंका जताई जाने लगी। हालांकि, दोनों के लापता होने की वास्तविक परिस्थितियों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
देवरिया : दीपावली पर पटाखों की दुकानों को लेकर प्रशासन सख्त, सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से ताल में लापता पीतांबर चौहान और सात वर्षीय दिव्यांश चौहान की तलाश कराई जा रही है। शिवांश का शव मिलने के बाद से ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता दोनों लोगों की तलाश कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस और ग्रामीण ताल में उनकी खोजबीन कर रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 7 November 2026, 2:57 PM IST