Crime in Mirzapur: मिर्जापुर में दिवाली की खुशियों के बीच मिली खून से लथपथ शव

देश भर में दिवाली की खुशियों के बीच उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह मिर्जापुर में एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। महिला की मौत को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 7 November 2026, 1:12 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के विक्सी गांव में दिवाली की खुशियों के बीच एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गहने चोरी करने के बाद महिला की गला दबाकर हत्या की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। हालांकि, जांच के दौरान महिला के गहने बरामद हो गए हैं। साथ ही, बताया गया कि जिस कमरे में महिला थी, उसका दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मलुई देवी की हत्या

विक्सी गांव की रहने वाली 65 वर्षीय मलुई देवी अपने नाती सुचित कुमार के दो बेटों रितेश और नितेश के साथ रहती थीं। गुरुवार रात परिवार के सभी लोगों ने खाना खाया और सोने चले गए। दोनों बच्चे घर के बाहर सो रहे थे, जबकि मलुई देवी कमरे के अंदर थीं। शुक्रवार सुबह जब बच्चे उठे तो उन्होंने नानी को कमरे में मृत अवस्था में देखा। उनके नाक और कान से खून निकल रहा था। बच्चों ने इसकी जानकारी अपने पिता सुचित कुमार को दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे।

छत से घर में घुसे आरोपी

सुचित कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी नानी की गला दबाकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि मलुई देवी के गले में सोने की चेन और हाथ में अंगूठी थी, जो गायब है। सुचित कुमार ने यह भी आशंका जताई कि रात में घर के पास मंदिर के नजदीक जुआ खेलने वाले कुछ लोग छत के रास्ते घर में घुसे होंगे और वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि, हत्या और चोरी के इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

mirzapur murder case

परिजनों ने लगाया महिला की हत्या का आरोप (Img: Dynamite news)

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

वृद्धा की गला दबाकर हत्या किए जाने के आरोप की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अदलहाट थाना पुलिस के साथ एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा और सीओ चुनार गायत्री यादव भी डॉग स्क्वाड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और बच्चों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने जिन गहनों और अंगूठी के चोरी होने की बात कही थी, वे घर के अंदर ही मिल गए हैं। वृद्धा के कानों में कुंडल भी मौजूद थे। इसके अलावा उनके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।

जांच के दौरान बच्चों ने पुलिस को बताया कि रात में उनकी नानी ने उन्हें खाना खिलाया था। इसके बाद नानी कमरे के अंदर सोने चली गईं, जबकि दोनों बच्चे बाहर सो रहे थे। बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। सुबह जब वे नानी के कमरे में पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद उन्होंने कमरे की कुंडी खोलकर बाहर आकर परिवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, वृद्धा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में हत्या और चोरी की आशंका की जांच की जा रही है। नाक और कान से खून निकलने के मामले में डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर ब्रेन हैमरेज की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Location :  Mirzapur

Published :  7 November 2026, 1:12 PM IST

Advertisement