महाराष्ट्र तक पहुंची झांसी पुलिस, बाप ने चुराए जेवरात, बेटा गूगल मैप से बता रहा था रास्ता; एक गिरफ्तार

झांसी के मऊरानीपुर में बस स्टैंड पर व्यापारी के बैग चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जिसके पास से नकद और बैंक खातों में जमा लाखों रुपये बरामद किए गए हैं।

Updated : 6 November 2026, 6:12 PM IST
google-preferred

Jhansi: झांसी के मऊरानीपुर में सोने के जेवरात से भरे दो बैग चोरी होने की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बस स्टैंड पर भीड़ का फायदा उठाकर करीब 15 लाख रुपये नकद और लाखों के सोने के जेवरात लेकर फरार हुए शातिरों की तलाश में झांसी पुलिस महाराष्ट्र तक पहुंच गई। थाना मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

लेकिन इस चोरी की कहानी में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी का पिता अपने साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था, जबकि बेटा मोबाइल और गूगल मैप के जरिए उन्हें रास्ता बता रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई 17 लाख 6 हजार रुपये की रकम फ्रीज कराई गई है। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मिर्जापुर में ट्रक-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

दरअसल, अमृतसर के रहने वाले गुरकीरत सिंह सोने के जेवरात का कारोबार करते हैं। 28 अक्टूबर को वह छतरपुर से बस में सवार होकर मऊरानीपुर आ रहे थे। शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर जैसे ही बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पहुंची, भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोर उनके दो बैग लेकर फरार हो गए।

इन बैगों में करीब 6937 ग्राम जेवरात, जिसमें लगभग 3152 ग्राम सोना और 200 ग्राम शुद्ध सोना शामिल था, इसके अलावा 15 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।

Jhansi news

CCTV कैमरे में कैद घटना (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जांच की कड़ियां जोड़ते हुए महाराष्ट्र तक पहुंच गई। 3 नवंबर को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कर्जत तहसील परिसर से अमोल मारुती पिटेकर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

पूंछताछ में सामने आया कि आरोपी का पिता अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो से छतरपुर पहुंचा था। आरोपियों ने पहले व्यापारी की रेकी की और फिर बस में सवार होकर मऊरानीपुर तक उसका पीछा किया। बस रुकते ही दोनों बैग चोरी कर स्कॉर्पियो से फरार हो गए।

Fatehpur: त्योहारी वसूली को लेकर किन्नरों के दो गुटों में भिड़ंत, पुलिस से भी हुई मारपीट; बीच चौराहे पर किया हंगामा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी खुद भी इस साजिश में शामिल था। वह मोबाइल फोन और गूगल मैप के जरिए अपने पिता और साथियों को रास्ते की जानकारी दे रहा था। महाराष्ट्र पहुंचने पर उसे चोरी की रकम में से 20 लाख रुपये दिए गए। इस रकम को अलग-अलग बैंक खातों में जमा और ट्रांसफर किया गया। पुलिस ने 17 लाख 6 हजार रुपये फ्रीज कराए हैं। साथ ही 1 लाख 40 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को झांसी लाया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इस पूरे मामले में आरोपी का पिता और उसके अन्य साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अब सवाल यह है कि करोड़ों के जेवरात की इस चोरी में शामिल बाकी चेहरे कब बेनकाब होंगे? पुलिस की जांच जारी है।

Location :  Jhansi

Published :  6 November 2026, 6:12 PM IST

Advertisement