हिंदी
अनुपमा राग (Img : Social Media)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच पीसीएस अधिकारी अनुपमा राग के सरकारी नौकरी से इस्तीफे ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। GST विभाग में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात रहीं अनुपमा राग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके फैसले को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी अनुपमा राग का राजनीतिक परिवार से पुराना नाता रहा है। उनकी मां सुशीला सरोज मोहनलालगंज से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं, जबकि अनुराग भदौरिया भी लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। ऐसे में चर्चा है कि अनुपमा राग भी अब राजनीति में अपनी किस्मत आजमा सकती हैं। सियासी गलियारों में उनके सीतापुर की सिधौली विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
लखनऊ में गूंजा मिर्जापुर के योग गुरु का नाम, योगी ज्वाला सिंह को मिला सम्मान
अनुपमा राग ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो जारी कर इस्तीफे के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने नए संकल्प के साथ नई यात्रा शुरू करने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने अपने वीडियो में चुनाव लड़ने या किसी राजनीतिक दल में शामिल होने का स्पष्ट ऐलान नहीं किया है।
अनुपमा राग की मां सुशीला सरोज साल 2004 में मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। वह मुलायम सिंह यादव सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। वहीं, उनके पिता राम प्रकाश (आरपी) सरोज 1964 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। अनुपमा राग प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ गायन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान रखती हैं।
अनुपमा राग ने सोशल मीडिया पर अपनी नई पारी को लेकर लिखा है- "एक नई शुरुआत… एक नए संकल्प के साथ। प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर मेरा यह कदम केवल एक नई भूमिका नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को एक नए रूप में निभाने का संकल्प है। मेरा विश्वास है कि बदलाव केवल विचारों से नहीं, बल्कि भागीदारी और सार्थक प्रयासों से आता है। आप सभी के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के साथ आज इस नई यात्रा की शुरुआत कर रही हूं।
आपकी अपनी, अनुपमा सरोज सिंह।"
Location : Lucknow
Published : 6 November 2026, 5:20 PM IST