धनतेरस की खरीदारी के बीच ग्रेटर नोएडा के गौड़ सिटी मॉल में लगी भयंकर आग, अफरा तफरी का माहौल

Greater Noida के गौर सिटी मॉल में धनतेरस के दिन अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खरीदारी करने पहुंचे लोग जान बचाकर बाहर भागे। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 November 2026, 3:21 PM IST
google-preferred

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी मॉल में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय मॉल में धनतेरस की खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही मॉल में अफरा-तफरी फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए तेजी से बाहर निकलने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।

मॉल में सुबह से जुटी थी खरीदारों की भीड़

दरअसल, शुक्रवार को धनतेरस का त्योहार होने के कारण ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बनी हुई थी। त्योहार के चलते मॉल में काफी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक आग लगने की घटना सामने आई।

मॉल में आग की लपटें और धुआं देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए। देखते ही देखते परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग दुकानों और मॉल के अंदरूनी हिस्सों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। अचानक हुई इस घटना से खरीदारी करने पहुंचे लोगों में दहशत फैल गई।

दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए। फिलहाल आग लगने के कारणों और उससे हुए नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग किस हिस्से में लगी और उस पर पूरी तरह कब तक काबू पाया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Location :  Noida

Published :  6 November 2026, 3:21 PM IST

Advertisement