देवरिया में 6 महीने बंधक बनाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश

बरियारपुर थाना क्षेत्र के चमनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही कुछ लोगों पर बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, नशीला पदार्थ खिलाने, जान से मारने की धमकी देने और धोखाधड़ी कर उसकी जमीन की रजिस्ट्री कराने का गंभीर आरोप लगाया है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 6 November 2026, 2:02 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के चमनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही कुछ लोगों पर बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, नशीला पदार्थ खिलाने, जान से मारने की धमकी देने और धोखाधड़ी कर उसकी जमीन की रजिस्ट्री कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उसके बैंक खाते और मोबाइल का इस्तेमाल कर अलग-अलग तिथियों में लाखों रुपये का लेन-देन भी कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया बंधक

चमनपुरा गांव निवासी चित्रसेन पांडेय पुत्र स्वर्गीय धर्मेंद्र पांडेय ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के कुबेर गोंड, उसकी बहन बबीता देवी, हरेन्द्र आदित्य कन्नौजिया, प्रीति गुप्ता तथा तीन अज्ञात लोगों ने मिलकर उसके साथ आपराधिक षड्यंत्र किया। पीड़ित के मुताबिक 13 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे उसे बहला-फुसलाकर भुजौली कॉलोनी स्थित एक मकान में ले जाया गया। वहां उसे कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर बंधक बना लिया गया और करीब छह महीने तक कैद रखा गया।

ये भी पढ़े: स्कैन कीजिए और बेफिक्र होकर सफर कीजिए, देवरिया पुलिस ने ऑटो-ई-रिक्शा चालकों के लिए जारी किया QR कोड

आरोप है कि इस दौरान उसे लगातार डराया-धमकाया गया और जान से मारने का भय दिखाकर मौजा चमनपुरा स्थित आराजी संख्या 269 अ की कुल 0.817 हेक्टेयर भूमि में उसके हिस्से की जमीन अलग-अलग तिथियों में धोखाधड़ी और दबाव बनाकर रजिस्ट्री करा ली गई। रजिस्ट्री के दस्तावेजों में चेक के माध्यम से भुगतान दर्शाया गया, जबकि पीड़ित का कहना है कि उसके बैंक खाते में संबंधित धनराशि प्राप्त नहीं हुई।

25-25 हजार रुपये की चार किस्तों में हड़पे

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 27 जनवरी 2026 को कट्टा सटाकर उसके मोबाइल से 25 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से कुबेर गोंड के खाते में भेजे गए। इसके बाद रकम बबीता देवी के खाते में और फिर वापस पीड़ित के खाते में भेजकर दोबारा उसके मोबाइल के जरिए स्थानांतरित कराई गई। इसी तरह अलग-अलग तिथियों में करीब डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन कराया गया।

इसके अलावा आरोप है कि 24 अगस्त 2026 को गुप्ता आयरन स्टोर के फोन-पे पर 25-25 हजार रुपये की चार किस्तों में एक लाख रुपये तथा तीन सितंबर को 90 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। वहीं 15 सितंबर को सुमित खरवार के खाते में 25-25 हजार रुपये की तीन किस्तों में कुल 75 हजार रुपये भेजे गए।

ये भी पढ़े: देवरिया के 450 साल पुराने शिवालय और गुरुद्वारे के पुनरुद्धार की जगी उम्मीद, नगर पंचायत ने दिया सहयोग का भरोसा

जांच में जुटी पुलिस 

पीड़ित का कहना है कि उसके पास बैंक स्टेटमेंट, यूपीआई लेन-देन का विवरण और धमकी से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। उसने स्थानीय थाने पर शिकायत देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी निर्देश में क्षेत्राधिकारी सलेमपुर और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

Location :  Deoria

Published :  6 November 2026, 2:02 PM IST

Advertisement