हिंदी
450 साल पुराने शिवालय और गुरुद्वारे का होगा पुनरुद्धार (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में नगर पंचायत मझौली राज में लगभग 450 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के बड़े पुत्र श्री चंद्र जी महाराज द्वारा स्थापित प्राचीन गुरुद्वारा एवं शिवालय लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले इस स्थल के पुनरुद्धार की मांग अब जोर पकड़ने लगी है।
इसको लेकर नगर के जागरूक समाजसेवियों ने सार्वजनिक रूप से संयुक्त बैठक कर प्राचीन गुरुद्वारे एवं शिवालय के जीर्णोद्धार और संरक्षण की मांग उठाई। समाजसेवियों की इस पहल पर नगर पंचायत की ओर से भी सकारात्मक रुख सामने आया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष रानी बिंदु मल्ल के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार मल्ल ने कहा कि संबंधित पक्ष की ओर से विधिवत प्रस्ताव प्राप्त होने पर नगर पंचायत इस प्राचीन धार्मिक स्थल के पुनरुद्धार में पूरा सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि मझौली राज के लिए यह गौरव की बात है कि यहां लगभग 450 वर्ष पुराना ऐतिहासिक शिवालय एवं गुरुद्वारा स्थापित है। इस स्थल से नगरवासियों की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक पहचान जुड़ी हुई है। इसका संरक्षण और पुनरुद्धार हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़े: Deoria: बिहार से आकर देवरिया में करता था बाइक चोरी! आरोपी के पास मिलीं 5 मोटरसाइकिलें
अभिषेक कुमार मल्ल ने कहा कि सभी लोगों के आपसी सहयोग और सहभागिता से इस गौरवशाली विरासत को फिर से संरक्षित और विकसित किया जा सकता है। उन्होंने संबंधित पक्ष से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर नगर पंचायत को प्रस्ताव उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि पुनरुद्धार की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा सके।
अब देखना होगा कि प्रस्ताव आने के बाद लगभग साढ़े चार सौ वर्ष पुरानी इस ऐतिहासिक धार्मिक धरोहर के संरक्षण की पहल कब धरातल पर उतरती है।
Location : Deoria
Published : 5 November 2026, 2:01 PM IST
Topics : 450 Year Old Gurudwara Ancient Shiv Temple Deoria News Guru Nanak Dev Heritage Conservation