हिंदी
उग्रसेन सेतु के पास नए पुल की मांग (IMG: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के राप्ती नदी पर बने उग्रसेन सेतु की जर्जर स्थिति और बार-बार क्षतिग्रस्त होने को लेकर नए पुल के निर्माण की मांग उठने लगी है। समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे पर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बरहज तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में मौजूदा उग्रसेन सेतु के बगल में नए पुल का निर्माण कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा नेता विजय रावत ने कहा कि उग्रसेन सेतु करीब 40 साल पुराना है। उनके मुताबिक, पिछले चार महीनों में यह पुल दो बार क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके कारण आवागमन बाधित हुआ और क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विजय रावत ने आरोप लगाया कि बार-बार मरम्मत कराए जाने के बावजूद पुल की स्थिति भरोसेमंद नहीं है। ऐसे में भविष्य में भी लोगों को आवागमन संबंधी परेशानी और संभावित खतरे का सामना करना पड़ सकता है।
ये भी पढ़े: देवरिया के लाल अश्वनी कुमार सिंह ने फिर रचा इतिहास, 3 मिनट में 164 स्पाइडरमैन पुशअप्स लगाकर बनाया रिकॉर्ड
सपा नेता ने कहा कि क्षेत्र में रामजानकी मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन राप्ती नदी पर नए पुल की व्यवस्था नहीं की गई है। उनका कहना है कि मार्ग तैयार होने के बाद पुराने उग्रसेन सेतु पर वाहनों का दबाव और बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि केवल मरम्मत और लेपन से इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। सरकार को जनहित को ध्यान में रखते हुए पुराने पुल के बगल में नए पुल के निर्माण की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
सपा ने सौंपा ज्ञापन (IMG: Dynamite News)
ये भी पढ़े: देवरिया में मामूली बात पर सड़क पर बवाल, युवक को पीटा, पिता-पुत्र हिरासत में
विजय रावत ने चेतावनी दी कि यदि उग्रसेन सेतु के बगल में नए पुल के निर्माण की मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो बरहज की जनता के साथ जनहित में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सरकार से पुल की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की।
इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विकास विश्वकर्मा, अमित प्रधान, दिनेश कुमार, अजीत प्रसाद, विकास यादव, राहुल सिंह, संजय तिवारी और भोला शर्मा समेत सपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Deoria
Published : 4 November 2026, 6:35 PM IST