Sandeep Singh Marriage: 14 नवंबर को सगाई, 27 को शादी, जानिए कौन हैं यूपी के शिक्षामंत्री की होने वाली दुल्हन

यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह गाजियाबाद की मेघना चौधरी से शादी करने जा रहे हैं। दोनों की पहचान अलीगढ़ के स्कूल में हुई थी। 14 नवंबर को सगाई और 27 नवंबर को शादी प्रस्तावित है। जानें मेघना का परिवार और विवाह से जुड़ी खास बातें।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 5 November 2026, 11:06 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह जल्द ही गाजियाबाद की मेघना चौधरी के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की कहानी स्कूल के दिनों में शुरू हुई थी। अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान संदीप सिंह और मेघना की मुलाकात हुई थी।

उस समय संदीप, मेघना से सीनियर थे। स्कूल में शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई और अब दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां चल रही हैं।

2024 में दोनों परिवारों के बीच शुरू हुई थी बातचीत

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2012 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप सिंह स्कूल से निकल गए थे, जबकि मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी। बाद में वह कानून की पढ़ाई के लिए विदेश चली गईं।

अलग-अलग जगह रहने के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। वर्ष 2024 में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई थी। शुरुआत में कुछ पारिवारिक अड़चनें आईं, लेकिन बाद में सहमति बन गई। अब दोनों परिवार विवाह समारोह की तैयारियों में जुटे हैं।

यूपी चुनाव 2027 से पहले प्रियंका गांधी ने संभाली कमान! सपा से सीटों के बंटवारे पर मंथन, दिवाली बाद आएगी कांग्रेस की नई लिस्ट

कल्याण सिंह के पोते हैं संदीप सिंह

संदीप सिंह का राजनीतिक परिवार से संबंध है। वह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के पोते हैं। उनके पिता राजवीर सिंह भी सांसद रह चुके हैं।

संदीप सिंह फिलहाल उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी शादी की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक परिवार के साथ-साथ उनके स्कूल के दिनों की दोस्ती भी चर्चा में है।

यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह (Img- X)

जानिए कौन हैं मेघना चौधरी

मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ के रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है। उनका परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से गाजियाबाद के लाजपत नगर में रह रहा है। मेघना के पिता अरुण चौधरी कारोबार से जुड़े हैं और परिवार का जूते का व्यवसाय भी है।

उनके दादा राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। उनकी मां का नाम विजया चौधरी और छोटे भाई का नाम करन है। इस विवाह के बाद संदीप सिंह का गाजियाबाद से भी पारिवारिक जुड़ाव हो जाएगा।

यूपी चुनाव से पहले BJP की बड़ी तैयारी? बरेली में नड्डा-मौर्य के साथ दिखे जयंत चौधरी, जानें क्या है सियासी मायने?

14 नवंबर को सगाई, 27 नवंबर को शादी प्रस्तावित

संदीप सिंह और मेघना चौधरी की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी में संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में प्रस्तावित है। इसी समारोह में संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी से भी होगी।

दोनों भाइयों की शादी 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। परिवार की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी निमंत्रण दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने दोनों समारोहों में शामिल होने की सहमति दी है। शादी के बाद लखनऊ में रिसेप्शन आयोजित किए जाने की भी चर्चा है।

Location :  Lucknow

Published :  5 November 2026, 11:06 AM IST

Advertisement