Delhi NCR Pollution: दिवाली से पहले हवा ने बढ़ाई चिंता, नौरोजी नगर में AQI 416; नोएडा में 20 नवंबर तक रोक

दिवाली से पहले दिल्ली-NCR की हवा बेहद खराब हो गई है। नौरोजी नगर में AQI 416 और इंडिया गेट पर 399 दर्ज किया गया। नोएडा में AQI 330 और ग्रेटर नोएडा में 309 रहा। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए नोएडा में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 5 November 2026, 9:30 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: दिवाली का त्योहार अभी आया भी नहीं है और दिल्ली-NCR की हवा लोगों की चिंता बढ़ाने लगी है। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बहुत खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। नौरोजी नगर में AQI 416 दर्ज किया गया, जबकि इंडिया गेट के आसपास यह आंकड़ा 399 रहा। दिल्ली के साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए नोएडा में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है।

दिल्ली के इन इलाकों में सांस लेना हुआ मुश्किल

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। इंडिया गेट के आसपास AQI 399 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, दिल्ली एम्स के आसपास वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है।

नौरोजी नगर रिंग रोड पर स्थिति और भी चिंताजनक रही। यहां AQI 416 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। दूसरी ओर, आनंद विहार में AQI 296 रहा, जिसे खराब श्रेणी में रखा गया है। इन आंकड़ों से साफ है कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी बिगड़े हालात

दिल्ली के साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी प्रदूषण का असर दिखाई दे रहा है। बुधवार को नोएडा का AQI 330 दर्ज किया गया, जिसके साथ यह एनसीआर के दूसरे सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहा। वहीं, ग्रेटर नोएडा में AQI 309 रिकॉर्ड किया गया।

शहर में सुबह से ही धुंध छाई रही। CPCB के अनुसार, हवा की गति धीमी होने और मौसम में नमी बढ़ने के कारण धूल और धुएं के सूक्ष्म कण यानी PM 2.5 और PM 10 निचले वायुमंडल में जमा हो रहे हैं। इससे स्मॉग की परत और गहरी हो रही है।

20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर लगी रोक

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए नोएडा में सख्ती की गई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के आदेश के तहत 5 नवंबर से 20 नवंबर तक निर्माण कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे।

नोएडा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक अभियंता किशन सिंह ने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वालों को नोटिस जारी करने के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

जौनपुर में बड़ा सड़क हादसा: वाराणसी ट्रिप से लौट रही छात्रों की बस पलटी, 20 से ज्यादा घायल

GRAP-2 लागू, फिर भी प्रदूषण पर नहीं लग रहा अंकुश

दिल्ली-NCR में GRAP-2 लागू होने के बावजूद प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। नोएडा में कई जगह निर्माण कार्यों के दौरान नियमों की अनदेखी की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे इंतजाम भी पर्याप्त नजर नहीं आ रहे हैं।

अब देखना होगा कि निर्माण कार्यों पर लगी रोक और प्रशासन की सख्ती से दिल्ली-NCR की हवा में कितना सुधार आता है।

Location :  New Delhi

Published :  5 November 2026, 9:30 AM IST

Advertisement