हिंदी
दीवाली से पहले बदायूं को बड़ी सौगात (Image Source: Dynamite News)
Budaun: दीपावली के मौके पर बदायूं शहर के लोगों को विकास कार्यों की एक और सौगात मिली है। मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में शहर के पांच वार्डों में सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर करीब 99.69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन की ओर से इसके लिए 50 लाख रुपये की धनराशि जारी भी कर दी गई है। विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों से इन विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है।
बदायूं विधानसभा क्षेत्र के नगर वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पांच परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनके तहत सीसी सड़क और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रिक पोल, केबल और एलईडी स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड नंबर-07 में गांधी ग्राउंड चौराहे से सुभाष चौक तक सीसी सड़क, नाली निर्माण और 90 एलईडी स्ट्रीट लाइटों की आपूर्ति एवं स्थापना शामिल है। इस कार्य पर 28.40 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड नंबर-11 में बड़ी नारायण के मकान से वेद प्रकाश और शिवकुमार मास्टर के मकान तथा राजीव पटवा के मकान से राम नारायण के मकान तक विभिन्न गलियों में सड़क और नाली निर्माण के लिए 13.31 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
वार्ड नंबर-03 के मोहल्ला नेकपुर में हैंडिल कॉलोनी के सामने नवनीत गुप्ता से रक्षपाल फौजी के मकान के दोनों ओर आगे तक सीसी सड़क और नाली बनाई जाएगी। इसके लिए 26.14 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

इसी तरह वार्ड नंबर-19 की मधुवन कॉलोनी में सीमा राठौर के मकान के आगे से रामपाल सिंह फौजी के घर होते हुए के.सी. पटेल के घर तक सीसी सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की लागत 15.04 लाख रुपये है। वहीं, वार्ड नंबर-18 के कल्याण नगर में खादी भंडार से रामनिवास के मकान तक सड़क और नाली निर्माण के लिए 16.80 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इन पांचों परियोजनाओं की कुल लागत 99 लाख 69 हजार रुपये है। कार्य पूरे होने के बाद संबंधित इलाकों में खराब रास्तों, जलभराव और आवागमन से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
Mainpuri News: कलेक्ट्रेट में खुलेआम मारपीट! चकबंदी अदालत के बाहर फरियादी पर हमला
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि बदायूं विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। शहर से लेकर गांव तक सड़क, नाली, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की समस्याओं का समाधान करना और बदायूं को विकास की नई पहचान दिलाना उनका संकल्प है।
विधायक ने यह भी कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
Location : Budaun
Published : 4 November 2026, 6:42 PM IST