बदायूं में इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप! मारपीट के बाद पीड़ित को थाने में बैठाया फिर जबरन समझौते का दबाव

बदायूं के दातागंज में इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह पर अभद्रता, मारपीट और जबरन समझौता कराने का आरोप लगा है। टैबलेट चोरी के विवाद में कार्रवाई न होने पर लव गुप्ता ने एसएसपी से शिकायत की है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उसका मेडिकल भी नहीं कराया गया। उसने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 4 November 2026, 4:40 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक मामला सामने आया है। यहां कस्बे के वार्ड नंबर 13 स्थित पंजाबी गली निवासी लव गुप्ता पुत्र सर्वेश कुमार गुप्ता ने कोतवाली दातागंज के प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह पर अभद्रता, मारपीट और जबरन समझौता कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बदायूं को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

टैबलेट चोरी की शिकायत से शुरू हुआ विवाद

शिकायती प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे लव गुप्ता का रेडमी पैड प्रो 5G टैबलेट उनके घर से चोरी हो गया था। पीड़ित का आरोप है कि वह मामले की शिकायत लेकर दातागंज कोतवाली पहुंचा, लेकिन वहां उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने 22 अक्टूबर को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

लव गुप्ता के अनुसार, 25 अक्टूबर को उदित सैनी, पृथ्वी विजय सैनी और उनके साथी विजय सैनी उनके घर पहुंचे। यहां टैबलेट को लेकर विवाद हुआ। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने संबंधित लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन अगले दिन 26 अक्टूबर को उन्हें छोड़ दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उदित सैनी ने टैबलेट को 10 हजार रुपये में खरीदे जाने की बात कही थी।

सुप्रीम कोर्ट ने की टिप्पणी, दो से अधिक बच्चे पैदा करने पर दंड लगाने वाले कानून अप्रासंगिक

मारपीट के बाद मेडिकल न कराने का आरोप

पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर को उदित सैनी उसे दूसरे मोहल्ले में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसे लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं और खून भी निकलने लगा।

लव गुप्ता का आरोप है कि मारपीट के बाद जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे और दूसरे पक्ष के लोगों को थाने में ही बैठा लिया। पीड़ित के मुताबिक, चोट लगने के बावजूद उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। देर रात जब उसके परिजन थाने पहुंचे तो उनके साथ भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

Deoghar: 18 साल पूरे हो गए, लेकिन वोटर लिस्ट में नाम नहीं? 15 नवंबर तक करें आवेदन!

इंस्पेक्टर पर जबरन समझौते का दबाव बनाने का आरोप

लव गुप्ता ने प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह पर दबाव बनाकर जबरन समझौता कराने और शिकायत वापस लेने के लिए कहने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसे मामले में न्याय नहीं मिला तो वह उच्च अधिकारियों से भी शिकायत करेगा।

एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में उसने मांग की है कि पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष तरीके से कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल, एसएसपी कार्यालय में शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच के आदेश दिए जाने की बात कही जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से आरोपों पर आधिकारिक पक्ष की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

Location :  Budaun

Published :  4 November 2026, 4:40 PM IST

Advertisement