Mainpuri News: कलेक्ट्रेट में खुलेआम मारपीट! चकबंदी अदालत के बाहर फरियादी पर हमला

मैनपुरी कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी न्यायालय में मुकदमे की तारीख लेने पहुंचे अभय भदौरिया के साथ मारपीट का आरोप लगा है। पड़रिया गांव के दो भाइयों पर गाली-गलौज और थप्पड़ मारने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पीड़ित ने सिविल लाइन चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 November 2026, 5:37 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी में जमीन विवाद को लेकर अब कलेक्ट्रेट परिसर में मारपीट का मामला सामने आया है। जिस चकबंदी न्यायालय में लोग अपनी जमीन से जुड़े विवादों का समाधान कराने पहुंचते हैं, वहीं बुधवार को एक फरियादी के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी गई। मुकदमे की तारीख लेने पहुंचे व्यक्ति का गांव के ही दो भाइयों से आमना-सामना हो गया। आरोप है कि पहले दोनों भाइयों ने गाली-गलौज की और फिर विरोध करने पर थप्पड़ मारने लगे। कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी कार्यालय परिसर में हुई इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

तारीख लेने पहुंचे थे अभय भदौरिया

मामला मैनपुरी कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी न्यायालय का है। पड़रिया गांव निवासी अभय भदौरिया पुत्र अनिल भदौरिया के मुताबिक, बुधवार 4 नवंबर को वह अपने मुकदमे की अगली तारीख लेने के लिए चकबंदी न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले उपेंद्र सिंह उर्फ लला और श्यामवीर पुत्रगण तेज सिंह भी वहां मौजूद थे। अभय का आरोप है कि दोनों भाइयों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों ने एकराय होकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मैनपुरी में बाबा बागेश्वर के खिलाफ भड़का यादव महासभा का गुस्सा, धीरेंद्र शास्त्री और संगीत रागी का फूंका पुतला

सरकारी जमीन और नाली को लेकर चल रहा विवाद

अभय भदौरिया ने मारपीट की वजह गांव में चल रहे जमीन संबंधी विवाद को बताया है। उनके मुताबिक, गांव में सरकारी जमीन और नाली को लेकर उपेंद्र सिंह और श्यामवीर के साथ उनका विवाद चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि गांव में ग्राम समाज की जमीन पर रात के समय कई बार जेसीबी से खनन कराया गया। इतना ही नहीं, खेत की सरकारी नाली भी खुदवा दी गई थी। अभय का कहना है कि उन्होंने इन गतिविधियों का विरोध किया था और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की थी।

Mainpuri News

मैनपुरी कलेक्ट्रेट में खुलेआम मारपीट (IMG: Dynamite News)

बातचीत करने की कोशिश पर मारपीट का आरोप

पीड़ित अभय भदौरिया के अनुसार, उन्होंने आरोपियों से जमीन और गांव में हुई गतिविधियों को लेकर बातचीत करने की कोशिश की थी। लेकिन आरोप है कि दोनों भाइयों ने बातचीत करने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अभय का कहना है कि विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ हाथापाई की और थप्पड़ मारे। कलेक्ट्रेट जैसे प्रशासनिक परिसर में हुई इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया है।

घर में राशन नहीं, पढ़ाई ठप, कैसे मनाएं दिवाली? मैनपुरी में 2 महीने की सैलरी न मिलने से बिजली कर्मियों का छलका दर्द

सिविल लाइन चौकी में दी तहरीर

घटना के बाद अभय भदौरिया ने सिविल लाइन पुलिस चौकी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने उपेंद्र सिंह उर्फ लला और श्यामवीर के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कराने की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने मारपीट के वीडियो को भी घटना के साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध होने की बात कही है।

Location :  Mainpuri

Published :  4 November 2026, 5:37 PM IST

Advertisement