हिंदी
मैनपुरी में वेतन के लिए सड़कों पर उतरे संविदा कर्मचारी (Img: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था संभालने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों के घरों में दीपावली से पहले आर्थिक संकट गहरा गया है। बिजली उपकेंद्रों के अनुरक्षण और परिचालन में लगे कर्मचारियों को सितंबर और अक्टूबर का वेतन नहीं मिला है। दो महीने से भुगतान का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के सामने अब घर का राशन जुटाने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और दूसरे जरूरी खर्च पूरे करने तक की चुनौती खड़ी हो गई है। परेशान कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दीपावली से पहले बकाया वेतन और बोनस दिलाने की मांग की है।
220 केवी विद्युत उपकेंद्र मैनपुरी पर तैनात संविदा कर्मचारी आसिफ खान ने बताया कि उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि त्योहार नजदीक है और घर में बच्चों की पढ़ाई, राशन समेत जरूरी खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। आसिफ के मुताबिक, कर्मचारियों को इतना ही वेतन मिलता है कि रोज कमाकर रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें। ऐसे में लगातार दो महीने की सैलरी रुकने से परिवार का खर्च चलाना कठिन हो गया है।
Mainpuri News: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में पसरा मातम
संविदा कर्मचारी सचिन ने भी वेतन नहीं मिलने पर परेशानी जताई। उन्होंने बताया कि दीपावली सिर पर है, लेकिन भुगतान न होने से कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों के संगठन की ओर से लगातार ठेकेदार से संपर्क किया जा रहा है। आरोप है कि हर बार ठेकेदार बिल बनवाने की बात कहकर भुगतान के लिए इंतजार करने को कह देते हैं।
दरअसल, मैनपुरी के 220 केवी और 132 केवी विद्युत उपकेंद्रों से शहर, ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की जाती है। इन उपकेंद्रों के अनुरक्षण और परिचालन का काम आउटसोर्स कर्मचारियों के माध्यम से कराया जा रहा है। अधीक्षण अभियंता विद्युत पारेषण मंडल अलीगढ़ के अनुबंध के तहत मैसर्स दिव्यांश कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, फैजाबाद को मैनपुरी के 220 केवी उपकेंद्र के साथ दन्नाहार, कुरावली, कुसमरा और सुल्तानगंज के 132 केवी उपकेंद्रों के अनुरक्षण एवं परिचालन की जिम्मेदारी दी गई है। इन्हीं उपकेंद्रों पर आउटसोर्स कर्मचारी तैनात हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि वे अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य हैं। दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें उधार लेकर घर का खर्च चलाना पड़ रहा है। त्योहार के समय बच्चों की जरूरतों और घरेलू खर्चों को पूरा करना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
Mainpuri: BJP पर बरसे सपा विधायक ब्रजेश कठेरिया, रोजगार से वोट चोरी तक कई मुद्दों पर घेरा
कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सितंबर और अक्टूबर का बकाया वेतन दीपावली से पहले दिलाने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने त्योहार को देखते हुए बोनस का भुगतान कराने की भी अपील की है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार और अधिकारियों के स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
Location : Mainpuri
Published : 2 November 2026, 3:52 PM IST