Kanpur News: जाम से परेशान लोगों के लिए बड़ी पहल, पुलिस ने मांगे आम जनता से सुझाव!

कानपुर में सड़क दुर्घटनाओं और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात माह नवंबर 2026 की शुरुआत हो गई है। रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस अब आम जनता से जाम कम करने के सुझाव लेगी। पूरे महीने जागरूकता कार्यक्रमों के साथ यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी होगी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 2 November 2026, 3:33 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यातायात माह नवंबर 2026 की शुरुआत हो गई है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके चलते सड़क दुर्घटनाओं में गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस का प्रयास है कि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर हो और जाम की समस्या को कम किया जा सके। खास तौर पर यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं को बिना रुकावट रास्ता मिल सके।

जाम से निपटने के लिए आम लोगों से लिए जाएंगे सुझाव

शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन अलग-अलग वर्गों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगा। इसमें ऑटो चालक, ई-रिक्शा चालक, फुटपाथ व्यापारी, ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोग और आरटीओ, नगर निगम व रोडवेज जैसे विभाग शामिल होंगे।

दिल्ली में गायत्री परिवार का शताब्दी समारोह, पूर्व CJI चंद्रचूड़ के हाथों सम्मानित हुए मनोज टिबड़ेवाल आकाश

अधिकारियों के मुताबिक, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ शहर को जाम से मुक्त करने के लिए रोड इंजीनियरों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा आम लोगों से भी सुझाव मांगे जाएंगे और उपयोगी सुझावों को यातायात व्यवस्था में लागू करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने इस काम में शहरवासियों से सहयोग की अपील की है।

Kanpur News 1

जागरूकता अभियान जारी (Image Source: Dynamite News)

एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों को दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने भी हिस्सा लिया। उन्हें यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सभी को सुरक्षित यातायात की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में यमराज की वेशभूषा में पहुंचे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने अनोखे अंदाज में लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया। कलाकारों ने बताया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी किसी की जान के लिए खतरा बन सकती है।

राजस्थान के झुंझुनूं में बड़ा हादसा, सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत

पूरे नवंबर चलेगा जागरूकता अभियान

पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूरे नवंबर महीने में शहर के अलग-अलग इलाकों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना, जाम की समस्या से निपटना और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना है।

Location :  Kanpur

Published :  2 November 2026, 3:33 PM IST

Advertisement