हिंदी
कानपुर में हाईवे किनारे मिला युवती का शव (IMG: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर में हाईवे किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र में महोली मोड़ के पास युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी पूर्वी समेत पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी मौत की वजह भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली मोड़ के पास हाईवे किनारे स्थानीय लोगों ने एक युवती को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के साथ डीसीपी पूर्वी और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि युवती की मौत हो चुकी है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवती की पहचान कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
गंगा के ऊपर बनेगा नया फोरलेन पुल! कानपुर से उन्नाव तक का सफर होगा आसान, 232 करोड़ मंजूर
इस मामले में पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को महाराजपुर क्षेत्र में युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महिला कांस्टेबल से शव का परीक्षण कराया गया। शुरुआती जांच में युवती के शरीर पर चोट के निशान या किसी तरह के स्पष्ट संदिग्ध चिह्न नहीं मिले हैं। हालांकि, इन शुरुआती तथ्यों के आधार पर मौत की वजह का पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवती की पहचान कराने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 6 November 2026, 2:41 PM IST