हिंदी
प्रयागराज पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Image Source: Dynamite News)
Prayagraj: प्रयागराज में गुरुवार, 5 नवंबर को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल खुल्दाबाद स्थित राजकीय बालगृह बालिका और राजकीय बालगृह शिशु पहुंचीं। यहां उन्होंने परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान राज्यपाल ने बालगृह में रह रहे बच्चों और अन्य अंतःवासियों से संवाद किया।
राज्यपाल ने बालिका गृह के हॉल में बालिकाओं से बातचीत की और उन्हें दी जा रही शिक्षा, उपलब्ध सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी जानकारी ली। इन सभी विषयों पर उन्होंने सुझाव और मार्गदर्शन दिया। संवाद के दौरान राज्यपाल ने बालिकाओं को दृढ़ संकल्प के साथ परिश्रम करने और सकारात्मक सोच रखते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दौरे के दौरान राज्यपाल ने राजकीय बालगृह में रहने वाली बालिकाओं और राजकीय महिला शरणालय की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्त उत्पादों का अवलोकन किया। बालिकाओं के कौशल को प्रोत्साहित करने और उनके लिए आय सृजन के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से बनाए जा रहे इन उत्पादों को बाजार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में सुझाव भी दिए, ताकि तैयार उत्पादों को मार्केट तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा सके।
सिवान में हैवानियत की हद पार! शख्स को तेजाब डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत
राज्यपाल ने बालिका गृह में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश दिया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बालगृह के स्टाफ, शिक्षकों, डॉक्टरों, रसोइयों और सफाईकर्मियों से भी संवाद किया। उन्होंने उनके कार्यों और कार्यशैली के बारे में जानकारी लेते हुए व्यवस्था में सुधार और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने राजकीय बालगृह शिशु और राजकीय बालगृह बालिका में रहने वाले बच्चों को स्नैक्स और चॉकलेट वितरित किए। आगामी सर्दी के मौसम को देखते हुए बच्चों को गर्म कपड़े और इनर भी दिए गए।
राज्यपाल के इस भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, उपकुलपति अखिलेख सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान बालगृहों में बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुविधाओं और कौशल विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
Location : Prayagraj
Published : 5 November 2026, 7:36 PM IST