हिंदी
दिवाली पर सुबह जल्दी मिलेगी मेट्रो (IMG: X)
New Delhi: दिवाली के दिन अगर आप दिल्ली मेट्रो से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं तो घर से निकलने से पहले इसका नया टाइमटेबल जरूर जान लीजिए। त्योहार के दिन मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद कहीं ऐसा न हो कि आपकी ट्रेन निकल चुकी हो या सेवा शुरू होने का इंतजार करना पड़े। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने 8 नवंबर, रविवार को मेट्रो परिचालन के समय में बदलाव किया है। इस दिन सभी मेट्रो लाइनों पर रात की आखिरी ट्रेन सामान्य समय से एक घंटे पहले रवाना होगी। यानी यात्रियों को रात 11 बजे के बजाय 10 बजे तक ही आखिरी ट्रेन मिलेगी।
DMRC की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर को दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर परिचालन के समय में बदलाव रहेगा। आमतौर पर रात 11 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होने वाली आखिरी ट्रेन दिवाली के दिन रात 10 बजे ही रवाना होगी। इस बदलाव में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को भी शामिल किया गया है। यानी एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी यात्रियों को रात 11 बजे के बजाय रात 10 बजे टर्मिनल स्टेशन से आखिरी ट्रेन मिलेगी। ऐसे में देर रात यात्रा करने की योजना बना रहे लोगों को अपने सफर का समय पहले से तय करना होगा।
दिवाली के दिन जहां रात की सेवा जल्दी बंद होगी, वहीं यात्रियों को सुबह कुछ मेट्रो लाइनों पर जल्दी सफर करने की सुविधा भी मिलेगी। DMRC ने पिंक लाइन, मैजेंटा लाइन और ग्रे लाइन पर पहली ट्रेन का समय एक घंटा पहले कर दिया है। सामान्य रविवार को इन तीनों लाइनों पर सुबह 7 बजे मेट्रो सेवा शुरू होती है, लेकिन 8 नवंबर को पहली ट्रेन सुबह 6 बजे टर्मिनल स्टेशनों से रवाना होगी। इससे सुबह जल्दी यात्रा करने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।
पिंक लाइन पर दिवाली के दिन मजलिस पार्क और शिव विहार टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होगी। सामान्य रविवार के मुकाबले यहां परिचालन एक घंटा पहले शुरू किया जाएगा।
मैजेंटा लाइन पर भी सुबह की सेवा का समय बदला गया है। इस लाइन के बॉटनिकल गार्डन, कृष्णा पार्क एक्सटेंशन, मजलिस पार्क और दीपाली चौक टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होगी। सामान्य दिनों में इन स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 7 बजे चलती है।
Diwali 2026: दिवाली पर पटाखों से बचने के लिए वाराणसी में बड़ी पहल, बच्चों से की ये बड़ी अपील
ग्रे लाइन के यात्रियों को भी दिवाली पर एक घंटे पहले मेट्रो सेवा मिलेगी। इस लाइन पर द्वारका और धांसा बस स्टैंड टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होगी। इससे सुबह जल्दी सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
DMRC ने सुबह की सेवा में बदलाव की घोषणा केवल पिंक, मैजेंटा और ग्रे लाइन के लिए की है। इसका मतलब है कि अन्य मेट्रो लाइनों पर सुबह की ट्रेनें अपने सामान्य रविवार के समय के अनुसार ही चलेंगी। हालांकि, रात की आखिरी ट्रेन के समय में बदलाव सभी मेट्रो लाइनों पर लागू होगा। इसलिए ब्लू लाइन, येलो लाइन, रेड लाइन, वॉयलेट लाइन, ग्रीन लाइन और अन्य कॉरिडोर से सफर करने वाले यात्रियों को भी रात 10 बजे के नए समय का ध्यान रखना होगा।
Location : New Delhi
Published : 6 November 2026, 6:14 PM IST