प्रतापगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री की ‘श्रीराम कथा’ पर गरमाई सियासत, राजा भैया के आयोजन पर सपा ने खोला मोर्चा

प्रतापगढ़ के बेंती में 17 नवंबर से होने वाली पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा को लेकर यूपी में सियासी पारा चढ़ गया है। राजा भैया के संरक्षण में आयोजित होने वाली कथा पर समाजवादी पार्टी ने विरोध का मोर्चा खोल दिया है। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के तीखे बयान और अखिलेश यादव के सख्त रुख के बीच प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 November 2026, 6:27 AM IST
google-preferred

Pratapgarh: जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बेंती में आगामी 17 नवंबर से आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 'श्रीराम कथा' को लेकर सियासत गरमाई है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और स्थानीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' के तत्वावधान में होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन पर अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने सीधा मोर्चा खोल दिया है, जिसके चलते सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर  की गई एक टिप्पणी के बाद उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि, विवाद बढ़ता देख धीरेंद्र शास्त्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने बयान पर माफी मांग ली थी, लेकिन वह यादव समाज और समाजवादी पार्टी के निशाने पर आ गए हैं।

सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले में बेहद कड़ा रुख अख्तियार करते हुए साफ कह दिया है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को उत्तर प्रदेश में घुसने नहीं दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने साधा निशाना

इस सियासी घमासान की आंच प्रतापगढ़ की धरती पर भी पूरी तरह महसूस की जा रही है। लखपेड़ा कोटा भवानीगंज में आयोजित सपा की 'पीडीए जनसभा' के दौरान सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने  कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला।

प्रदेश अध्यक्ष ने तीखे तेवरों में कहा कि तुम किस खेत की मूली हो? बाबा योगी भी 2027 में जाने वाले हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने मंच से मौजूद सपा कार्यकर्ताओं और जनता से इस कथा का पुरजोर विरोध करने का खुला आह्वान भी कर दिया।

बेंती में आयोजन को लेकर सुरक्षा का जायजा लेते पुलिस अधिकारी

बेंती में सुरक्षा का लिया जायजा

राजनीतिक बयानों और विरोध के सुरों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने बेंती पहुंचकर प्रस्तावित कथा स्थल का बारीकी से मुआयना किया।

राजा भैया के खेमे में चुप्पी बरकरार

सपा नेताओं के इस चौतरफा हमले और तीखे बयानों पर अभी तक राजा भैया और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी की ओर से कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजा भैया खेमे की इस चुप्पी को राजनीति के जानकार बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं। हालांकि, बयानों से इतर जमीनी स्तर पर कथा की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।

Mohammed Shami ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, टीम इंडिया को बड़ा झटका

17 से 20 नवंबर तक सजेगा दरबार

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश अध्यक्ष और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि बेंती में श्रीराम कथा 17 से 20 नवंबर तक चलेगी। उन्होंने दावा किया कि इस त्रिदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं और भक्तों के शामिल होने का अनुमान है। गोपाल जी के मुताबिक, इस कथा में उत्तर प्रदेश समेत देश के कई बड़े राजनेता, वीआईपी और उद्योगपति भी शिरकत करेंगे।

CBSE ने जारी की 10वीं-12वीं की डेटशीट, 16 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

अब देखना यह होगा कि सपा के भारी विरोध और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच राजा भैया का यह शक्ति प्रदर्शन कुंडा की सियासत को किस नए मोड़ पर ले जाता है।

Location :  Pratapgarh

Published :  7 November 2026, 6:20 AM IST

Advertisement