हिंदी
सिद्धार्थनगर में खाद की किल्लत से किसान बेहाल
Siddharthnagar: जनपद में इन दिनों खाद की किल्लत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान एक समिति से दूसरी समिति तक चक्कर लगाने को मजबूर हैं। विडंबना यह है कि एक तरफ सरकार किसान दिवस मनाकर किसानों के हित और उनकी खुशहाली की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि जनपद में डीएपी खाद भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं एनपीके खाद के बढ़े हुए दामों को लेकर भी किसानों में नाराजगी है। खाद की किल्लत के चलते किसानों को मजबूरी में निजी दुकानों से कथित तौर पर अधिक कीमत यानी ब्लैक रेट पर खाद खरीदनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि उनके सामने दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है। एक तरफ उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रही, तो दूसरी तरफ मजबूरी में महंगे दामों पर खरीदारी करनी पड़ रही है।
सबसे चिंताजनक स्थिति देवलहा सहकारी समिति की बताई जा रही है, जहां खाद के अभाव में ताला लटका हुआ है। किसान समिति पर पहुंचते हैं, लेकिन खाद नहीं मिलने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है। खाद की तलाश में उनका समय भी बर्बाद हो रहा है और खेती का काम प्रभावित होने की चिंता भी सता रही है।
किसानों का सवाल है कि जब खेती का समय है और खाद की सबसे अधिक जरूरत है, तो सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता क्यों नहीं सुनिश्चित की जा रही है? आखिर किसान अपनी फसल की बुवाई और देखभाल कैसे करें?
सिद्धार्थनगर में खाद का संकट, सहकारी समितियों पर लटके ताले, खाद के लिए दर-दर भटक रहे अन्नदाता
अब बड़ा सवाल यह है कि किसानों की इस समस्या पर जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेंगे? क्या किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी या फिर उन्हें इसी तरह दुकानों के चक्कर काटने और महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ेगा?
Location : Siddharthnagar
Published : 18 November 2026, 7:47 PM IST
Topics : dap fertilizer shortage Farmers Problems Fertilizer Crisis Fertilizer Shortage Siddharthnagar