हिंदी
प्रतापगढ़ में खुशियों के माहौल में मची चीख-पुकार
Pratapgarh: कुंडा कोतवाली क्षेत्र के सुजौली गांव में वलीमे के बाद कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की गई। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए, जबकि ईंट-पत्थर चलने से एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सुजौली गांव निवासी मुदस्सिर हुसैन पुत्र मोइद्दीन की बेटी की शादी उनकी बहन के बेटे के साथ हुई थी। सोमवार को घर पर वलीमे का आयोजन था। मुदस्सिर की बहन का घर आरोपित पक्ष के घर के सामने ही है।
वलीमे के बाद रिश्तेदारों की कार रास्ते में खड़ी थी। इसी दौरान आरोपित पक्ष के लोग कार लेकर पहुंचे और रास्ते में खड़ी कार हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया।
गोलीबारी और पत्थरबाजी में घायल अस्पताल में भर्ती
आरोप है कि इसी दौरान तस्लीम अहमद ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से मोहम्मद मोअस्सिर हुसैन (50) के पेट में, मोहम्मद मुस्तकीम (35) के दाहिने कान में तथा मोहम्मद उबैद रजा (20) पुत्र रबीउल हसन के दाहिने कमर में चोट आई।
पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मोअस्सिर हुसैन को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं पथराव में सलमा के सिर में गंभीर चोट आई।
खुशियों के माहौल में मची चीख-पुकार
दूसरे पक्ष के तस्लीम अहमद (28) पुत्र सगीर अहमद, मोहम्मद नईम (34) पुत्र सगीर अहमद और सगीर अहमद (65) पुत्र रफीउद्दीन भी घायल हुए हैं। बताया गया कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक सगीर अहमद के नाम पर है। मोहम्मद नईम बिहार के पटना में शिक्षक हैं।
सूचना मिलते ही सीओ शिव नारायण वैश्य, कोतवाल अरविंद सिंह और अपराध निरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वलीमे की खुशियों के बीच हुई इस वारदात से गांव में तनाव का माहौल है।
Location : Pratapgarh
Published : 15 November 2026, 11:18 PM IST
No related posts found.