हिंदी
अधिकारियों ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया(image: dynamite news)
Gorakhpur: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर रविवार को गोरखपुर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। राप्ती नदी के रामघाट, गोरखनाथ घाट, मानसरोवर सहित जिले के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे श्रद्धालुओं और पूजा सामग्री से सजे दउरा-सूप के बीच पूरा शहर छठमय नजर आया।
महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की थीं। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। व्यवस्थाओं का असर भी दिखाई दिया और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान काफी सहूलियत मिली।
राप्ती नदी के रामघाट और गोरखनाथ घाट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नदी में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एनडीआरएफ, पीएसी और जल पुलिस की टीमें स्टीमर के साथ लगातार गश्त करती रहीं। गोताखोरों को भी सतर्क रखा गया था। घाटों के किनारे पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ भीड़ पर लगातार नजर रखी गई। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। एलआईयू की टीमें भी निगरानी में जुटी रहीं।
नगर निगम ने सफाई और जनसुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की थी। घाटों और आसपास के रास्तों पर सफाईकर्मियों की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। मेले में बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाने के लिए नगर निगम की टीम ने सराहनीय पहल की। नगर आयुक्त अजय जैन स्वयं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे। वहीं यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों और घाटों के आसपास मोर्चा संभालकर श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु बनाए रखा।
व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए एडीजी जोन रामकुमार, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ लगातार भ्रमणशील रहे। अधिकारियों ने विभिन्न घाटों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी उत्तरी राजेश धुनावता और एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
गोरखनाथ घाट पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रवि किशन, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह, एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार और सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहकर व्यवस्था संभालते रहे।
प्रशासनिक मुस्तैदी, पुलिस की सतर्कता और नगर निगम की सक्रियता के बीच छठ महापर्व का पहला अर्घ्य शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। आस्था के इस महापर्व ने एक बार फिर गोरखपुर में सामाजिक एकता, श्रद्धा और लोक परंपरा की अनुपम तस्वीर पेश की।
Location : Gorakhpur
Published : 15 November 2026, 7:32 PM IST