एक तरफ छठी मैया के जयकारे, दूसरी तरफ हाईवे पर थमे पहिए: प्रतापगढ़ में महाछठ पर क्यों चरमराई पूरी यातायात व्यवस्था?

प्रतापगढ़ में छठ पर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने विभिन्न घाटों पर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। बेल्हा देवी घाट समेत प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। प्रशासन ने सुरक्षा और सफाई के इंतजाम किए, लेकिन शहर में प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर भीषण जाम लगा। कई व्रती महिलाओं को पूजा की दउरी लेकर पैदल घाट पहुंचना पड़ा।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 15 November 2026, 8:42 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। जिले के प्रमुख नदी घाटों और सरोवरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पारंपरिक छठ गीतों और जयकारों से घाट गूंज उठे। हालांकि, दूसरी ओर शहर की यातायात व्यवस्था भीड़ के दबाव में चरमरा गई। प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर भगवा चुंगी से सदर मोड़ तक भीषण जाम लगा रहा। कई व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा की दउरी लेकर पैदल घाट तक पहुंचना पड़ा। देर रात तक शहर के कई मार्गों पर वाहन रेंगते रहे।

छठी मैया के जयकारों से गूंजे घाट

छठ पर्व के तीसरे दिन रविवार को शहर के सई नदी स्थित बेल्हा देवी घाट, घुइसरनाथ धाम, बाबा बेलखरनाथ धाम और चौहरजन देवी समेत जिले के विभिन्न नदी घाटों और सरोवरों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर बाद से ही लोगों के घाटों की ओर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सिर पर पूजा की दउरी और हाथों में सूप लेकर महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचीं।

'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'उग हे सुरुज देव' जैसे लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शाम होते-होते घाटों पर भारी भीड़ जमा हो गई और छठी मैया के जयकारे गूंजने लगे। व्रती महिलाओं के साथ उनके पति और परिजन भी पूजा में शामिल हुए। महिलाओं ने वेदियों के सामने धूप-दीप जलाकर सामूहिक रूप से छठी मैया की आराधना की। इसके बाद पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु की कामना की।

ये भी पढ़े: प्रतापगढ़ में होमगार्ड की कॉलर पकड़कर पीटा, वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार

छठी मैया के जयकारों से गूंजे प्रतापगढ़ के घाट (Image Source: Dynamite News)

प्रशासन ने घाटों पर किए इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन और नगर पालिका की ओर से इंतजाम किए गए थे। बेल्हा देवी के पक्के घाट पर नगर पालिका ने स्वच्छ जल भरवाने के साथ साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था कराई थी। भारी भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी।

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों पर नाविकों, गोताखोरों और स्टीमर की व्यवस्था भी की गई थी। शहर कोतवाल सुभाष कुमार यादव पुलिस टीम के साथ बेल्हा देवी घाट पर मौजूद रहे। मंदिर परिसर और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए भी जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था।

प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर भीषण जाम

छठ पूजा के दौरान जहां घाटों पर आस्था का माहौल था, वहीं शहर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। रविवार दोपहर बाद प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर भीषण जाम लग गया। भगवा चुंगी से सदर मोड़ तक वाहनों के पहिए थम गए। मुख्य राजमार्ग के अलावा शहर के अन्य संपर्क मार्गों पर भी देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही।

इसका सबसे ज्यादा असर बेल्हा देवी घाट जाने वाले श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं पर पड़ा। डूबते सूर्य को समय पर अर्घ्य देने की जल्दबाजी के बीच जाम में फंसी महिलाओं को परेशानी हुई। वाहनों के आगे नहीं बढ़ पाने के कारण कई श्रद्धालु सिर पर पूजा की दउरी लेकर पैदल ही घाट की ओर जाते दिखाई दिए। जाम के चलते कई महिलाएं मंदिर और घाट पर देरी से पहुंची।

लोकगीतों और जयकारों से गूंजे घाट (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढ़े: प्रतापगढ़ में जाम हटवाने पर भड़क गया स्टैंड मालिक; होमगार्ड पर बरसाए थप्पड़, Video Viral

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचीं

भीषण जाम की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची, लेकिन वाहनों के अत्यधिक दबाव और बेतरतीब आवाजाही के कारण उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना था कि छठ पर्व पर भीड़ का पहले से अंदाजा था, इसके बावजूद रूट डायवर्जन और यातायात प्रबंधन के ठोस इंतजाम नहीं किए गए। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। देर रात तक शहर में वाहन रेंगते रहे।

Location :  Pratapgarh

Published :  15 November 2026, 8:42 PM IST

Advertisement