फर्जी नंबर प्लेट लगाकर हरियाणा से ला रहे थे शराब, देवरिया पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

देवरिया में शराब तस्करी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का सहारा लिया था। लेकिन बनकटा पुलिस की चेकिंग में उनकी पूरी योजना पर पानी फिर गया। आखिर कार के अंदर क्या मिला और कहां पहुंचाई जानी थी शराब की यह खेप? पूरी खबर पढ़िए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 November 2026, 12:18 PM IST
google-preferred

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी और उसी के जरिए हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की खेप ले जा रहे थे। लेकिन पुलिस की चेकिंग के दौरान उनकी यह चालाकी काम नहीं आई। बनकटा थाना पुलिस ने संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली तो उसके अंदर शराब का जखीरा मिला। पुलिस ने कार से 186.435 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए बिहार के सिवान जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 19 नवंबर 2026 को बनकटा थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ग्राम पचरुखिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

देवरिया पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा (Image: Dynamite News)

देवरिया पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा (Image: Dynamite News)

इसी दौरान पुलिस की नजर एक वैगनआर कार पर पड़ी। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से हरियाणा निर्मित 186.435 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार सवार दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया।

बिहार के सिवान के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार राय पुत्र रमाशंकर राय और सोनू कुमार पुत्र विद्यासागर प्रसाद के रूप में की है। दोनों आरोपी बिहार के सिवान जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फर्जी नंबर प्लेट लगी वैगनआर कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार ने बताया कि बनकटा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की है। मामले में थाना बनकटा पर मुकदमा अपराध संख्या 274/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 के साथ बीएनएस की धारा 341(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हरियाणा निर्मित शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाने की तैयारी थी।

Location :  Deoria

Published :  20 November 2026, 12:18 PM IST

Advertisement