हिंदी
नेत्रहीन की हत्या कर रची साजिश (IMG: Dynamite News)
Shahjahanpur: दुष्कर्म के मुकदमे में सजा से बचने के लिए एक शख्स ने ऐसी खौफनाक साजिश रची, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने अपनी मौत का झूठा नाटक रचने के लिए एक नेत्रहीन युवक को निशाना बनाया। पहले उसे तंत्र विद्या के जरिए आंखों की रोशनी लौटाने का सपना दिखाया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए शव के पास अपने पहचान पत्र भी रख दिए, ताकि पुलिस और परिवार को लगे कि मरने वाला वही है।
मामले की शुरुआत 17 नवंबर को हुई, जब शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र स्थित सिउड़ी गांव में एक खेत के सूखे कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी। यह खेत गांव के ही सतीश का बताया जा रहा है। दुर्गंध महसूस होने पर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुएं की तलाशी ली तो अंदर एक सिर कटा शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब घटनास्थल की जांच की तो वहां एक बैग भी बरामद हुआ। इस बैग में आधार कार्ड की छायाप्रति मिली, जो सिउड़ी गांव निवासी विनोद के नाम पर थी।
शव की पहचान को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने विनोद की पत्नी पूजा, बेटे आदित्य और मां सुमित्रा के डीएनए सैंपल भी लिए। परिवार की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। शुरुआत में पूरा मामला एक सामान्य हत्या जैसा नजर आ रहा था। शव की पहचान, मौके पर मिला पहचान पत्र और परिजनों के बयान भी इसी ओर इशारा कर रहे थे। लेकिन पुलिस को जांच के दौरान कुछ ऐसे तथ्य मिले, जिनसे पूरे मामले की कहानी ही बदल गई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि विनोद कलान क्षेत्र के सिउड़ी गांव का रहने वाला है और उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। वह इस मामले में जमानत पर बाहर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि उसे डर था कि मुकदमे में उसे सजा हो सकती है। इसी से बचने के लिए उसने अपनी मौत का नाटक रचने की योजना बनाई। अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए विनोद ने निगोही निवासी नेत्रहीन राजपाल को निशाना बनाया। उसने खुद को तंत्र विद्या का जानकार बताना शुरू कर दिया था।
विनोद की साजिश का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा शव की पहचान बदलना था। पुलिस के मुताबिक, उसने राजपाल के शव के पास अपने पहचान संबंधी दस्तावेजों की छायाप्रति वाला बैग रख दिया था। उसका मकसद था कि पुलिस को शव उसी का लगे और परिवार भी उसकी मौत मान ले। ऐसा होने पर वह कानूनी कार्रवाई से बचकर अपनी अलग जिंदगी शुरू कर सकता था। उसे उम्मीद थी कि पुलिस उसे मृत मान लेगी और दुष्कर्म के मुकदमे में उसे सजा नहीं हो पाएगी।
शाहजहांपुर में रक्षक बने भक्षक! पुलिस ने ही बन गई किडनैपर और कर डाली चौंकी देनी वाली हरकत
शुरुआत में पुलिस के सामने शव की पहचान और हत्या के आरोपियों को पकड़ने की चुनौती थी। लेकिन जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एसओजी और सर्विलांस टीम ने मामले की परतें खोलनी शुरू कीं। पुलिस ने जब विनोद की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की तो उसकी कथित मौत के पीछे छिपी साजिश का खुलासा हुआ। जांच में स्पष्ट हुआ कि कुएं में मिला शव विनोद का नहीं, बल्कि नेत्रहीन राजपाल का था।
एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में सजा से बचने के लिए आरोपी ने अपनी मौत का फर्जी नाटक रचने की साजिश की थी। इस साजिश के तहत एक नेत्रहीन युवक की हत्या की गई और शव को अपनी पहचान देने की कोशिश की गई। पुलिस ने आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Shahjahanpur
Published : 24 November 2026, 2:30 PM IST