कासगंज में 5 बच्चों के अपहरण की खबर से मचा हड़कंप, कार में बैठाने के पीछे निकली चौंकाने वाली वजह

कासगंज में पांच बच्चों के अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। जांच में मामला मूंगफली के ठेले से बांट गायब होने के शक से जुड़ा निकला। टैक्सी चालक ने चार बच्चों को पूछताछ के लिए कार में बैठाया था। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत सभी पांच बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 24 November 2026, 6:49 AM IST
google-preferred

Kasganj: कासगंज में देर रात पांच बच्चों के अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिली कि एचपी पेट्रोल पंप के सामने एक कार चालक चार बच्चों को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गया है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, जांच में अपहरण की बात सामने नहीं आई। पूरा मामला सड़क पर बिखरी मूंगफली और उसे तौलने वाले बांट गायब होने के शक से जुड़ा निकला। पुलिस के मुताबिक, सभी पांच बच्चे सकुशल अपने घर पहुंच गए थे। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने उनकी सकुशलता सुनिश्चित कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मूंगफली के ठेले और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली कासगंज क्षेत्र के गांव भिटौना निवासी नितिन (14), शिवा (15), सुखवीर (11), अंकित (14) और सोमेश (12) घूमने के लिए निकले थे। देर रात करीब नौ बजे एचपी पेट्रोल पंप के पास सोरों की तरफ से कासगंज आ रहे मूंगफली के ठेले और कासगंज से सोरों की ओर जा रही बाइक में टक्कर हो गई।

अयोध्या से जनकपुर जा रही सरयू-कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी में जोरदार स्वागत, जयकारों से गूंजा स्टेशन

टक्कर लगने से ठेले पर रखी मूंगफली और उसे तौलने वाले बांट सड़क पर बिखर गए। इसी दौरान वहां मौजूद बच्चे सड़क पर गिरी मूंगफली बटोरने लगे। तभी गांव नौरथा निवासी मानपाल पुत्र बिजेंद्र सिंह अपनी स्विफ्ट टैक्सी कार में सीएनजी भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचा।

मानपाल ने बाइक सवार से ठेले वाले बुजुर्ग को हुए नुकसान की भरपाई के तौर पर 200 रुपये दिलवा दिए। इसके बाद बाइक सवार वहां से चला गया। ठेले वाले बुजुर्ग ने मानपाल से मदद मांगी तो बच्चों ने बटोरी हुई मूंगफली वापस कर दी। इसी दौरान बुजुर्ग ने बच्चों पर मूंगफली तौलने वाले बांट गायब करने का आरोप लगा दिया।

बांट गायब होने के शक में चार बच्चों को कार में बैठाया

बुजुर्ग के आरोप के बाद बांट वापस कराने के लिए मानपाल ने नितिन, शिवा, सुखवीर और अंकित को अपनी कार में बैठा लिया। उसने बच्चों से बांट के बारे में पूछताछ की। बच्चों ने अपने पास कोई बांट होने से इनकार किया।

Kasganj1

सभी बच्चों की सकुशल वापसी (Image Source: Dynamite News)

पुलिस की पूछताछ में बच्चों ने बताया कि मानपाल ने उनके साथ न तो मारपीट की और न ही अभद्रता की। कुछ देर बाद उसने चारों बच्चों को वहीं उतार दिया। इसके बाद सभी बच्चे अपने घर पहुंच गए थे।

इधर, पांचवें बच्चे सोमेश के गांव पहुंचने पर अपहरण की सूचना फैल गई। बताया गया कि एचपी पेट्रोल पंप के सामने कार चालक चार बच्चों को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गया है। इस सूचना के बाद पुलिस को जानकारी दी गई और महकमे में खलबली मच गई।

FaceBook: अखिलेश यादव का फेसबुक पेज देर रात बहाल, सपा ने मेटा को कहा धन्यवाद

ऑपरेशन मुस्कान के तहत सभी बच्चे परिजनों को सौंपे गए

अपहरण की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों की सकुशलता सुनिश्चित की और उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कोतवाली प्रभारी जगदीश चन्द्र ने बताया कि बच्चों से पूछताछ और जांच में अपहरण जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया कॉलर ने संदेह के आधार पर अपहरण की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ किसी प्रकार का अपराध होना भी प्रकाश में नहीं आया है। पुलिस के मुताबिक, सभी पांच बच्चे सुरक्षित हैं और अपने परिजनों के पास पहुंच गए हैं। मामले की जांच के बाद मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य पाई गई।

Location :  Kasganj

Published :  24 November 2026, 6:49 AM IST

Advertisement