हिंदी
सरयू-कमला एक्सप्रेस (Image Source: X)
New Delhi: भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) के लिए चली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी पहुंचते ही स्टेशन पर जय-जय सियाराम के जयकारे गूंज उठे। आकर्षक ढंग से सजी ट्रेन के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। इस मौके पर अवध और मिथिला की साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
सरयू-कमला एक्सप्रेस रात 12:42 बजे सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के आगमन पर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ उसका स्वागत किया। स्टेशन पर जय-जय सियाराम के जयकारे गूंजते रहे। ट्रेन में सवार यात्रियों के साथ ही गार्ड, लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को भी माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाली इस रेल सेवा को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया। ट्रेन के जरिए अयोध्या, सीतामढ़ी और जनकपुर जैसे तीन तीर्थ स्थलों को एक सूत्र में जोड़ने की पहल को सदियों पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जोड़कर देखा गया।
स्वागत कार्यक्रम में सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, सुरसंड विधायक प्रो नागेन्द्र राउत, भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुनील कुमार पिंटू, केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि यह पहली अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा है, जो भगवान श्रीराम और माता सीता की जन्मस्थली के साथ माता सीता के मायके को सीधे जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल रेल सेवा नहीं, बल्कि दो देशों के बीच प्रेम, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का उपहार है।
ट्रेन के स्वागत के दौरान कई श्रद्धालु मौजूद रहे। इनमें से कई लोग स्वागत कार्यक्रम के साथ-साथ यात्रा में भी शामिल रहे। अयोध्या से जनकपुर तक इस रेल सेवा के शुरू होने को धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूती देने वाली पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
नेपाल के पीएम की भारत यात्रा में बड़ा ऐलान, 15 हजार करोड़ की मदद और 8 समझौतों पर मुहर
सरयू-कमला एक्सप्रेस के सीतामढ़ी पहुंचने और वहां से आगे की यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन मुस्तैद रहा। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और रेल पुलिस के जवान तैनात रहे।
सीतामढ़ी में स्वागत कार्यक्रम के बाद ट्रेन को रात 1:40 बजे जनकपुर के लिए रवाना कर दिया गया। अयोध्या से जनकपुर तक की इस रेल सेवा ने भगवान श्रीराम और माता सीता से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने के साथ अवध और मिथिला के सांस्कृतिक संबंधों को भी एक मंच पर लाने का संदेश दिया।
Location : New Delhi
Published : 24 November 2026, 5:55 AM IST
Topics : ayodhya janakpur train india nepal rail service Religious Tourism saryu kamala express Sitamarhi News