हिंदी
कानपुर अग्निकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Kanpur: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत पटकापुर इलाके स्थित राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी बिल्डर मोहित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। वहीं, मुकदमे में नामजद पूर्व पार्षद समेत 3 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है। बिल्डर की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में कई अन्य अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि, बीती 16 नवंबर को फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर इलाके में संकरी गली के भीतर बने राधिका अपार्टमेंट में बिजली के मीटर में आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई थी। मृतकों में एक अधिवक्ता की पत्नी और 15 वर्षीय किशोर शामिल थे। इसके अलावा पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए थे।
कानपुर अग्निकांड मामले में बिल्डर गिरफ्तार (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान अपार्टमेंट के निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां सामने आई थीं। मामले में मृतक के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर बिल्डर व पूर्व पार्षद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चौकी प्रभारी को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। तय समय में सफलता नहीं मिलने पर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड मामले में बिल्डर मोहित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शेष चार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
Location : Kanpur
Published : 23 November 2026, 8:01 PM IST