सिद्धार्थनगर: 11वीं की छात्रा ने संभाली थानेदार की कुर्सी, ताबड़तोड़ एक्शन और फैसले

सिद्धार्थनगर के उसका बाजार थाने में मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत कक्षा 11 की छात्रा खुशी शुक्ला को एक घंटे के लिए प्रतीकात्मक थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान छात्राओं ने थाने का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी हासिल की।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 November 2026, 3:44 PM IST
google-preferred

Siddharthnagar News: पुलिस की वर्दी पहनकर थाने की कमान संभालना और पुलिस अधिकारियों की तरह कामकाज को करीब से समझना किसी भी छात्रा के लिए खास अनुभव हो सकता है। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में मिशन शक्ति अभियान के तहत कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। यहां कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा खुशी शुक्ला को एक घंटे के लिए प्रतीकात्मक थानाध्यक्ष बनाया गया। थानेदार की जिम्मेदारी मिलने के बाद खुशी ने पुलिसकर्मियों के साथ थाने का कामकाज समझा और अलग-अलग विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान दूसरी छात्राओं को भी थाने का भ्रमण कराया गया। उन्हें बताया गया कि पुलिस किस तरह शिकायतें सुनती है, अपराधों से जुड़े मामलों में कार्रवाई करती है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कौन-कौन सी व्यवस्थाएं संचालित करती है। मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना रहा।

एक घंटे के लिए थानाध्यक्ष बनीं खुशी शुक्ला

यह कार्यक्रम सिद्धार्थनगर जिले के उसका बाजार थाने में आयोजित किया गया। तीर्थराज समर्था इंटर कॉलेज पकड़ी की कक्षा 11 की छात्रा खुशी शुक्ला को प्रतीकात्मक रूप से एक घंटे के लिए थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ थाने के विभिन्न कार्यों को समझा और पुलिस व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल की।

कार्यक्रम में अलग-अलग स्कूलों की छात्राएं भी शामिल हुईं। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि थाने में आने वाली शिकायतों को कैसे सुना जाता है और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस किस तरह काम करती है। खुशी के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्हें कुछ समय के लिए पुलिस विभाग की जिम्मेदारी और नेतृत्व की भूमिका को करीब से देखने का मौका मिला।

थाने के हर विभाग की छात्राओं को कराई गई जानकारी

एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण और सीओ सदर विश्वजीत सौरयान के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका नेतृत्व थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने किया।

एक घंटे के लिए थानेदार बनी 11वीं की छात्रा खुशी शुक्ला (Image: Dynamite News)

एक घंटे के लिए थानेदार बनी 11वीं की छात्रा खुशी शुक्ला (Image: Dynamite News)

इस दौरान छात्राओं को थानाध्यक्ष कार्यालय, जीडी कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष और आगंतुक कक्ष का भ्रमण कराया गया। पुलिसकर्मियों ने प्रत्येक विभाग के कामकाज के बारे में विस्तार से बताया।

छात्राओं को समझाया गया कि जनसुनवाई कैसे होती है, थाने में आने वाली शिकायतों का रिकॉर्ड किस तरह रखा जाता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को किन जिम्मेदारियों का निर्वहन करना पड़ता है। इसके साथ ही पुलिस की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली से भी उन्हें परिचित कराया गया।

महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला सशक्तिकरण और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। छात्राओं को नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी भी दी गई।

मुसीबत में काम आएंगे ये हेल्पलाइन नंबर

कार्यक्रम में छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में इस्तेमाल होने वाले हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने 112, 1090, 1076, 108, 1930, 1098 और 102 नंबरों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इन नंबरों के जरिए जरूरत पड़ने पर पुलिस, महिला सुरक्षा सेवाओं, साइबर शिकायतों और अन्य आपातकालीन सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में जागरूकता के साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना भी मजबूत होती है।

 

Location :  Siddharthnagar

Published :  23 November 2026, 3:44 PM IST

Advertisement